शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: डीएम ने चार सफाईकर्मियों का वेतन रोका, डीपीआरओ का जवाब तलब

Connect News 24

शाहजहांपुर। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने ग्राम हथौड़ा बुजुर्ग एवं पंचायत सचिवालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। पंचायत सचिवालय के आसपास और गांव में गंदगी मिलने पर डीएम ने ग्राम पंचायत में तैनात सभी चार सफाई कर्मचारियों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने का निर्देश दिया। डीपीआरओ घनश्याम सागर का भी जवाब तलब किया है।

ग्राम पंचायत सचिवालय हथौड़ा बुजुर्ग में डीएम के निरीक्षण के दौरान ग्राम स्तर पर तैनात विभिन्न विभागों के कार्मिकों की उपस्थित पंजिका नहीं मिली। पंचायत सहायक ने बताया कि सामुदायिक शौचालय के केयर टेकर के अतिरिक्त अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका ग्राम प्रधान के पास है। इस पर डीएम ने कड़ी आपत्ति जताते हुए पंचायत सचिव सौरभ गुप्ता और ग्राम प्रधान ओमप्रकाश से जवाब मांगा। डीएम ने मिशन शक्ति कक्ष में निर्धारित रोस्टर के अनुसार महिला कांस्टेबलों की उपस्थिति के लिए एसपी को पत्र भेजने के निर्देश दिए।

राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय का किया निरीक्षण

डीएम उमेश प्रताप सिंह ने मंगलवार को पंचायत सचिवालय हथौड़ा बुजुर्ग में संचालित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर, उपस्थिति पंजिका देखी। उन्होंने चिकित्सालय में आवश्यक संसाधनों जैसे थर्मामीटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ब्लड प्रेशर मशीन आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी से कहा कि चिकित्सालय में साफ-सफाई के साथ आने वाले मरीजों के बैठने के लिए पर्याप्त प्रबंध करें। इस दौरान जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार, चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामचंद्र उपस्थित रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button