शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: चटकी पटरी से गुजर गईं दर्जन भर ट्रेनें

Connect News 24

शाहजहांपुर। रोजा से शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन के बीच शनिवार रात किसी समय रेल की पटरी चटक गई। चटकी पटरी से रातभर में दर्जनभर ट्रेनें गुजर गईंं। सुबह नौ बजे अप लाइन पर रेल फ्रैक्चर का पता चलने पर आनन-फानन में रेल यातायात रोक कर मरम्मत की गई। इस दौरान दो ट्रेनें करीब एक घंटे लेट हुईं और 45 मिनट तक रेल यातायात बाधित रहा।

रोजा के आगे प्वाइंट 106 के पास रेल फैक्चर पर सबसे पहले रेलवे इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारी की नजर पड़ी। कुछ मिनट पहले ही इस प्वाइंट से सुबह 8:55 बजे अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस (14003) गुजरी थी। सुबह 9:04 बजे इंजीनियर विभाग के कर्मचारियों ने लाल बैनर दिखाकर मुजफ्फरनगर-आनंद विहार टर्मिनल पर्व विशेष ट्रेन(01675) को रोका। कंट्रोल के आदेश पर पीछे से आ रही सहरसा-नई दिल्ली स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस (04021) को रोजा जंक्शन पर रोका गया लेकिन तब तक यह ट्रेन रेलवे के गेट नंबर 318 पर पहुंच गई थी। ऐसे में वॉकी-टॉकी के जरिये गार्ड और ड्राइवर से संपर्क कर ट्रेन को वहीं पर रोक दिया गया। इसके बाद पटरी चटकी वाले स्थान पर जॉगल प्लेट बांधी गई फिर करीब 9:24 बजे कॉशन के साथ ट्रेन निकाली गई। कुछ देर बाद 10:00 बजे सहरसा-नई दिल्ली एक्सप्रेस (04021) को रवाना किया गया। साथ ही 30 किलोमीटर का कॉशन लगाकर अप लाइन पर रेल यातायात बहाल किया गया।

रेल पथ निरीक्षक बने रहे अनजान : रेलवे के रेल पथ निरीक्षक अरुण कुमार सक्सेना पटरी चटकने की जानकारी से अनभिज्ञ बने रहे। उनका कहना था कि कोई रेल फ्रैक्चर नहीं हुआ था। सिर्फ जॉइंट हेड खुल गया था। किसी कम बुद्धि के आदमी ने लाल बैनर दिखाकर ट्रेनों को रोक लिया।

अभी इतनी ठंड भी नहीं कि रेल फ्रैक्चर हो : गर्मियों में रेल पटरी का फैलना और सर्दी में सिकुड़ना ही सामान्य तौर पर रेल फ्रैक्चर का कारण माना जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि अभी तो इतनी सर्दी भी नहीं पड़ रही है जिससे रेल फ्रैक्चर हो सके। हालांकि रेलवे ने अभी तक इस मामले में किसी तरह की जांच के आदेश नहीं दिए हैं।

सुबह 9 बजे के बाद रेल फ्रैक्चर की जानकारी हुई। उसके बाद दो ट्रेनों को रोका गया। जॉगल प्लेट बांधे जाने के बाद ट्रेनों को रवाना किया गया। -पीएस तोमर, स्टेशन अधीक्षक, शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन

रेल फ्रैक्चर की सूचना मिली थी तब तक सहरसा-नई दिल्ली एक्सप्रेस (04021) रोजा जंक्शन से निकल गई थी। इसके बाद ट्रेनों को रोका गया। पटरी की मरम्मत किए जाने के बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना की गई।- श्रीकांत यादव, स्टेशन अधीक्षक, रोजा जंक्शन


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button