Shahjahanpur News: जलालनगर में श्यामतगंज गौटिया की टंकी से होगी पेयजल आपूर्ति
शाहजहांपुर। मोहल्ला जलालनगर में पेयजल की परेशानी लंबे समय से चली आ रही है। नगर निगम ने इसका हल निकालते हुए श्यामतगंज गौटिया में बनी पानी की टंकी से डाली गई नई पाइप लाइन में जलापूर्ति शुरू करने की बात कही है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि इससे जलालनगर वालों की पानी की समस्या का निदान हो जाएगा।
अमृत योजना के तहत श्यामतगंज गौटिया में पानी की टंकी बनाई गई है। इससे जलालनगर में भी पानी की आपूर्ति की जाएगी। वर्तमान में इस मोहल्ले में पड़ी पुरानी पाइप लाइन में पानी नहीं आ रहा है। नगर निगम के महाप्रबंधक (जल) सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि श्यामगंज गौटिया में पानी की टंकी बन चुकी है। उसकी टेस्टिंग का काम चल रहा है। इसी टंकी से जलालनगर वासियों को पानी की आपूर्ति कराई जाएगी। बताया कि पानी की आपूर्ति नई पाइप लाइन से होगी। मोहल्ले के अधिकांश घरों में कनेक्शन दिए जा चुके हैं। जिनके यहां कनेक्शन नहीं है, उनके यहां दिए जाएंगे।