Shahjahanpur News: ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की मौत

अवनीश का फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
जलालाबाद में ऊबड़खाबड़ रास्ते पर पलटा ट्रैक्टर
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। थाना क्षेत्र के गांव कसारी निवासी अवनीश (20) की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई। असंतुलित ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट से नीचे गिरने पर वह पहिये के नीचे आ गया। उसकी मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है।
महरम का बेटा अवनीश सुबह करीब आठ बजे ट्रैक्टर लेकर खेत पर जा रहा था। रामगंगा व बहगुल नदियों के करीब बसे इस गांव समेत आसपास क्षेत्र में लंबे समय तक पानी भरा रहने से रास्ते ऊबड़खाबड़ हो गए हैं।
बताते हैं कि सामने मिट्टी के काफी ऊंचाई के टीले के बाद जो रास्ता था, उस पर जाने के लिए अवनीश ट्रैक्टर चढ़ाने लगा। ट्रैक्टर असंतुलित हो गया और अवनीश जमीन पर आ गिरा और उसी दिशा में पलटा ट्रैक्टर उसके ऊपर गिर गया।
आवाज सुनकर लोगों ने घटनास्थल की ओर दौड़े और बमुश्किल नीचे दबे अवनीश को बाहर निकाला। परंतु तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अवनीश छह भाई व दो बहनों में पांचवें नंबर का था। उसकी मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।