Shahjahanpur News: डीसीएम पलटने से चालक के भाई की मौत, पत्नी घायल
– धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने चालक का परिवार जा रहा था बाराबंकी
संवाद न्यूज एजेंसी
खुटार (शाहजहांपुर)। खुटार-पूरनपुर रोड पर गांव लालपुर मोड़ के पास डीसीएम पलटने जाने से चालक के भाई की मौत हो गई।
उत्तराखंड के जनपद ऊधमसिंह नगर के थाना सितारगंज के गांव सिसैया निवासी इकबाल ने बताया कि वह डीसीएम चालक है। सोमवार की शाम वह अपने परिवार को लेकर एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने बाराबंकी जा रहा था। डीसीएम में उसके परिजन भी सवार थे। खुटार पूरनपुर रोड गांव लालपुर मोड़ के पास सामने से आ रही बस को बचाने के चक्कर में वह डीसीएम पर अपना नियंत्रण खो बैठा और डीसीएम खाई में पलट गई।
डीसीएम पलटने से उसमें पीछे बैठे परिजन सामान के नीचे दब गए। आसपास के लोगों ने आकर घायलों को निकाला। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को खुटार सीएचसी पर भर्ती कराया। डॉक्टर ने इकबाल के भाई रियाज अहमद को मृत घोषित कर दिया। रियाज अहमद की पत्नी की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रियाज अहमद का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।