Shahjahanpur News: वाहन चालकों ने मोर्चा खोला, कहा-रोजी-रोटी से कर रहे खिलवाड़

कलेक्ट्रेट में एडीएम प्रशासन संजय पांडे को वाहन चालकों के साथ ज्ञापन देते तनवीर खां। स्वयं
शाहजहांपुर। स्कूल वाहन संचालकों पर शिकंजा कसने पर चालक भड़क गए हैं। उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट में वाहन चालकों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रशासन संजय पांडेय को दिया।
सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया कि एआरटीओ द्वारा वाहन संचालकों का लगातार उत्पीड़न कर उनकी रोजी-रोटी से खिलवाड़ किया जा रहा है। वाहन संचालक स्कूली बच्चों को लाने व ले जाने का काम करते हैं। ऐसे में एआरटीओ द्वारा स्कूली वैन व बसों को जबरन पकड़कर 20 से 30 हजार रुपये का चालान कर सीज कर देते हैं।
इस कार्रवाई से रोजी-रोटी से खिलवाड़ हो रहा है और बच्चों की पढ़ाई पर भी प्रभाव पड़ रहा है। तनवीर खान ने मांग की है कि वाहन संचालकों की गाड़ियों के कागज, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, फिटनेस, प्रदूषण आदि देखकर ही परमिट जारी किया जाए।
इस कार्य के लिए वाहन संचालकों को तीन माह का समय दिया जाए। इस मौके पर सत्येंद्र कुमार, अभिषेक कुमार, दिलीप कुमार वर्मा, शमशाद, कमरुद्दीन खान, आरती देवी, दिनेश, शमीम, इमरान, आफताब, किशन कुमार, अतुल, मतलूब, मोहम्मद जावेद आदि मौजूद रहे। संवाद