Shahjahanpur News: बिना बताए खोद डाला लाल इमली चौराहा, दिनभर जाम से जूझे लोग

नौशाद कुरैशी
शाहजहांपुर। शहर में सीवर लाइन डालने का काम बेतरतीब ढंग से चल रहा है। रविवार को लाल इमली चौराहा से ईदगाह रोड पर बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक जेसीबी से सड़क पर खोदाई शुरू करा दी गई। प्रमुख सड़क होने के कारण दिनभर यहां जाम से जूझते रहे। वहीं दुकानदारों का कारोबार भी ठप हो गया।
लाल इमली चौराहा से जुड़ी सड़कों की खोदाई का काम पिछले दिनों शुरू हुआ था। इसके लिए जेसीबी से खोदाई चल रही है। लाल इमली चौराहा से ईदगाह रोड पर अचानक रविवार सुबह से ही जेसीबी चलना शुरू हो गई और शाम तक खोदाई होती रही। इस दौरान नाकेबंदी कर दोनों ओर से सड़क बंद कर दी गई। इस रोड के दुकानदार बिक्री होने की आस लिए अपनी दुकानों को खोले रहे, मगर खोदाई के चलते उड़ती धूल ने उनका धंधा चौपट कर दिया। खरीदारी के लिए ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंचे। वही वाहन चालकों को दूसरे मार्गों से होकर गुजरना पड़ा।
खोदाई के दौरान मिली पुरानी पुलिया
लाल इमली चौराहा से ईदगाह रोड पर खोदाई के दौरान एक पुरानी पुलिया मिली। हालांकि यह पुलिया काफी समय पहले ही बंद कर दी गई थी। जिसके नीचे से होकर पानी गुजरता था। जेसीबी से खोदाई के दौरान पुलिया मिलने पर तमाम लोग वहां एकत्रित हो गए। बताया जाता है कि पहले चौराहा पुलिया तक था, जोकि दुकानें आदि बनने की वजह से छोटा होता चला गया।
सड़क की समुचित मरम्मत न होना बना आफत
करीब डेढ़-दो साल से शहर के लोग खोदाई के कारण परेशान हैं। अंटा चौराहे से केरूगंज तक चलना मुश्किल हो गया है। बेरी चौकी से कच्चा कटरा की ओर आने वाले रास्ते को भी खोद कर डाल दिया गया है। केरूगंज के रास्ते में खोदाई के बाद सड़क की मरम्मत नहीं की गई है। यहां पर दिनभर जाम लगता है। रात में जगह-जगह खराब सड़क के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। सड़क की समुचित मरम्मत न होने के कारण काफी समय से केरूगंज से राजघाट चौकी तक धूल के गुबार उड़ते रहते हैं। अब राजघाट से कनौजिया अस्पताल रोड पर सड़क की खोदाई से चलना मुश्किल हो गया है।
मार्च तक पूरा करना था काम
– सीवर लाइन बिछाने व सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए शासन ने 3 अरब, 77 करोड़, 51 लाख, 48 हजार रुपये का बजट मंजूर किया है। शहर में 186 किमी सीवर लाइन बिछाई जानी है। इसका काम जून 2021 में शुरू हो गया था। यह काम मार्च 2023 तक पूरा करने का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन इसमें देरी हो रही है। कार्यदायी संस्था जल निगम के एक्सईएन सुनील यादव काम कब तक पूरा हो पाएगा, इसको लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।
रात के समय कराया जाए खोदाई का काम
शहर में सीवर लाइन डालने के लिए खोदाई का काम रात में होना चाहिए, जिससे किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसको लेकर कई बार अधिकारियों को पत्र भी दिया जा चुका है, लेकिन ध्यान नहीं दिया रहा है। – नौशाद कुरैशी, दुकानदार
सड़कें खराब होने से चौपट हुआ धंधा
सीवर लाइन डालने को खोदाई होने से सड़कें खराब हो रहीं हैं तो वहीं इलाके के दुकानदारों का धंधा भी चौपट हो गया है। विकास के नाम पर लोगों को परेशान ज्यादा किया जा रहा है। सबसे ज्यादा दुकानदारों को दिक्कत है। – मुन्ना अंसारी, दुकानदार
शहर के विकास के लिए थोड़ी परेशानी झेलनी होगी
शहर में विकास कार्य तेजी से हो रहा है। सीवर लाइन पड़ने से शहरवासियों को ही लाभ होगा। हालांकि सड़कों की खोदाई होने से परेशानी सभी को है, लेकिन विकास के लिए थोड़ा बहुत तो सबको झेलना ही पड़ेगा। – हेमेंद्र वर्मा, चिकित्सक
सीवर लाइन डालने के लिए सड़क की खोदाई करनी ही पड़ेगी। आधे से ज्यादा काम हो चुका है। जहां कहीं भी खोदाई हो रही है, वहां मरम्मत कराई जाती है। लाल इमली चौराहा से जुड़ने वाली सड़कें भी ठीक करा दी जाएगी। – सुनील कुमार, एक्सईएन, जल निगम

नौशाद कुरैशी

नौशाद कुरैशी

नौशाद कुरैशी