Shahjahanpur News: 37 हजार रुपये में तैयार हुए रावण और कुंभकरण के पुतले

फैक्ट्री स्टेट रामलीला में बनाये गए रावण, मेघनाथ व कुम्भकरण के पुतले। संवाद
शाहजहांपुर। दशहरा मंगलवार को मनाया जाएगा। त्योहार को देखते हुए सारी तैयारियां पूरी की जा रहीं हैं। खिरनीबाग रामलीला मैदान पर रावण और कुंभकरण के पुतले खड़े करने के लिए पूरे दिन कर्मचारी लगे रहे। मंगलवार पड़ने के कारण रात 12 बजे के बाद पुतला दहन होगा। वहीं पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। अगले तीन दिन तक रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी लागू रहेगी।
खिरनीबाग रामलीला में शाम को रावण वध की लीला का मंचन होगा। इस बार रावण का पुतला 42 फुट और कुंभकरण का पुतला 38 फुट का बनाया गया है। पिछले साल के मुकाबले डेढ़ फुट ऊंचाई को बढ़ाया गया है। मेला कमेटी के सचिव नरेंद्र गुरु ने बताया कि दोनों पुतले 37 हजार रुपये में तैयार हुए हैं। पिछले वर्ष के मुकाबले दो हजार रुपये अतिरिक्त लगे हैं।
–
ओसीएफ में रावण का पुतला 45 फुट ऊंचा, कल होगा दहन
ओसीएफ में रावण, कुंभकरण और मेघनाद का पुतला बनाकर खड़ा करा दिया गया है। उनकी सुरक्षा के लिए गार्ड लगाए गए हैं। तीनों पुतले बुधवार को रावण वध के मंचन के बाद जलाए जाएंगे। ओसीएफ मेले में रावण के पुतले की लंबाई 45 फुट की है। जबकि कुंभकरण 42 फुट व मेघनाद 40 फुट का है। पुतलों को मिशन फील्ड के पास रहने वाले जयराम ने बनाया है। पुतलों पर रामलीला कमेटी ने कितना खर्च किया है? इसका जवाब कमेटी के पदाधिकारी नहीं दे सके।
–
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, आज से रूट डायवर्जन होगा लागू
ओसीएफ व खिरनीबाग रामलीला मैदान को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दोनों ही मेलों में अस्थायी थाना बनाया गया है। इसके अतिरिक्त मेले में सुरक्षा की दृष्टि से ड्यूटी भी आवंटित की गई है। सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे व ड्रोन के जरिये मेले पर नजर रखी जा रही है। मेलों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए मंगलवार से तीन दिन तक दोपहर दो बजे से रात 12 बजे तक रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है।
–
मेलों की मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था की गई है। रूट डायवर्जन भी लागू कर दिया गया है। दुर्गा पूजा की झांकी व मेलाें में पुलिस निगाह बनाए हुए है।
– सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी