Shahjahanpur News: ट्रेन से कटकर ग्रामीण ने दी जान
शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के अटसलिया गांव निवासी रतिराम (50) ने सोमवार शाम ट्रेन से कटकर जान दे दी। उसका शव दो हिस्सों में बंट गया। रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा होने के कारण दून और राज्यरानी एक्सप्रेस को रोक दिया गया। शव हटाने के बाद ट्रेनों को रवाना किया गया।
सोमवार की शाम 04: 20 बजे अटसलिया रेलवे फाटक के पास मालगाड़ी से कटकर ग्रामीण ने जान दे दी। शव को देखने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने शव की पहचान रतिराम निवासी अटसलिया के रूप में की।
सूचना पर परिजन भी मौके पर आ गए। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के बाद रतिराम ने जान दी। अपलाइन के ट्रैक पर शव पड़ा होने के चलते कंट्रोल के आदेश पर दून एक्सप्रेस को अटसलिया के पास रोक दिया गया। राज्यरानी एक्सप्रेस को रोजा में रोका गया। सूचना के बाद आरपीएफ चौकी प्रभारी ताराचंद्र मीना और स्टेशन अधीक्षक जेपी सिंह मौके पर पहुंचे।
रतिराम के बेटों की मदद से रेलवे ट्रैक से शव को हटाया गया। करीब 40 मिनट के बाद दून एक्सप्रेस व दस मिनट के ठहराव के बाद राज्यरानी एक्सप्रेस को रवाना किया गया। रतिराम की पत्नी नन्हीं देवी, बेटे अमित व सुमित और बेटी इंदिरा, प्रेमवती, मोहिनी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
–
रेलवे यार्ड में पड़ा मिला शव
मैगलगंज यार्ड में 55 वर्षीय बुजुर्ग का शव पड़ा मिला है। मेमो आने के बाद जीआरपी रोजा ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। संवाद