Shahjahanpur News: ईद-उल-अजहा आज, ईदगाहों व कुर्बानी स्थलों पर तैयारियां पूरी

ईदगाह में साफ सफाई करते लोग।संवाद
शाहजहांपुर। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा। त्योहार पर नमाज को लेकर तैयारियों को पूरा कर लिया गया। बकरीद से एक दिन पहले बकरों की खातिरदारी शुरू कर दी है। दूसरी ओर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने खाका तैयार कर लिया। मुख्यालय से भेजे गए 200 प्रशिक्षु सिपाहियाें ने आमद दर्ज करा दी है।
बकरीद को लेकर बुधवार को पूरे दिन तैयारियां चलती रहीं। घरों की साफ-सफाई के साथ बकरों को चना, चारा व रोटी आदि खिलाकर खातिरदारी की गई। बाजारों में भी खूब भीड़ रही। लोगों ने सूतफेनी व सिंवइयों की खरीदारी की। इसी तरह कपड़े व खान-पान की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आई। मस्जिदों व ईदगाहों में साफ-सफाई कर नमाज की तैयारियों को मुकम्मल कर ली गई।
बड़ी ईदगाह में मेला भी सज गया है। इधर, डीएम के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट डाॅ.वेद प्रकाश मिश्र समेत अन्य संबंधित अधिकारियों ने मिश्रीपुर ईदगाह, जामा मस्जिद व ईदगाह हद्दफ का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता आदि की व्यवस्था दुरुस्त कराई। उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा के त्योहार को सद्भाव एवं भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी सुधीर जायसवाल, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह आदि मौजूद रहे।
ईद की नमाज का समय
7:30 बजे ईदगाह बड़ा खुत्बा
8:00 बजे ईदगाह छोटा खुत्बा
7:45 बजे ईदगाह गदियाना
7:45 बजे जामा मस्जिद