शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: 25 से 67 होंगी ई-बसें, पर नहीं सुधरी चार्जिंग व्यवस्था और यात्री सुविधाएं

Connect News 24

There will be 25 to 67 e-buses, but not improved charging system and passenger facilities

इले​क्ट्रिक बस

शाहजहांपुर। पांच से शुरू हुआ इलेक्ट्रिक बसों का सफर 25 के बाद अब 67 होने जा रहा है। बावजूद इसके न तो बसों की चार्जिंग व्यवस्था ही सुधरी और न ही यात्री शेड ही बनाए गए। अब अधिकारी कह रहे हैं कि बेड़ा बढ़ने से सभी कमियां दूर की जाएंगी। यहां बता दें कि इलेक्ट्रिक बसों का लोड फैक्टर और प्रति किमी आय के आधार पर प्रदेश में दूसरा नंबर है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महानगरों में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को बढ़ावा देने के लिए महानगर को पहले चरण में पांच इलेक्ट्रिक बसें प्रदान की थीं। शुरुआती दौर में महानगर में ही इलेक्ट्रिक बसें चलीं। यात्री न मिलने पर इनको ग्रामीण क्षेत्रों में भी चलाया जाने लगा। इस समय 25 ई-बसें चल रही हैं। इनमें एक इलेक्ट्रिक बस का संचालन महानगर और 24 का महानगर से ग्रामीण क्षेत्रों में किया जा रहा है।

महानगर की इलेक्ट्रिक बसों का लोड फैक्टर 87 तथा प्रति किमी आय 30.35 रुपये रोजाना है। इस तरह से मई में रोजाना एक बस से 6050 रुपये तथा सभी बसों से पूरे महीने में 40 लाख रुपये की आय हुई है। पहले नंबर पर मथुरा की इलेक्ट्रिक बसें हैं, जिनका लोड फैक्टर 90 और प्रति किमी आय 32.84 रुपये है।

न्यू सिटी ककरा में बना है चार्जिंग स्टेशन,

बिजली की हमेशा बनी रहती है किल्लत

इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग के लिए न्यू सिटी ककरा में स्टेशन बनाया गया है। जहां पर 25 इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने के बाद संचालित किया जाता है। भीषण गर्मी के बीच लोड बढ़ने तथा बिजली कटौती होने से इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग में दिक्कत आती है। इसके लिए अलग फीडर की व्यवस्था किए जाने की मांग को लेकर बिजली निगम के अभियंताओं को कई पत्र लिखे गए, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। वहीं, नया उपकेंद्र ककरा में बनाए जाने के लिए जगह चिह्नित की गई है। इससे चार्जिंग स्टेशन को बिजली दी जा सकती है।

महानगर में तीन स्थानों पर बनने थे यात्री शेड

इलेक्ट्रिक बसों का इंतजार करने के लिए महानगर में तीन स्थानों पर यात्री शेड बनने थे। इसके लिए रोडवेज बस अड्डा, महिला थाना तथा बरेली मोड़ पर स्थान चिह्नित किए गए। यात्री शेड बनाए जाने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। जल्द यात्री शेड बनाए जाएं, इसके लिए चार महीने पहले नगर आयुक्त को पत्र लिखा गया था। नगर निगम के चुनाव होने पड़ने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका। अब चुनाव निपट गए हैं, तब भी यात्री शेड नहीं बनाए जा रहे हैं।

रोडवेज बस अड्डा पर चार्जिंग प्वाइंट लगवाने को दिया पत्र

बिजली फीडर तथा यात्री शेड की व्यवस्था के साथ ही इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग के लिए रोडवेज बस अड्डा पर प्वाइंट लगवाने की मांग को लेकर भी एक पत्र संयुक्त निदेशक, शहरी परिवहन निदेशालय, लखनऊ को लिखा गया है। इससे इलेक्ट्रिक बसों को चार्जिंग के लिए न्यू सिटी ककरा स्थित स्टेशन पर न जाना पड़े। रोडवेज बस अड्डा स्थित चार्जिंग प्वाइंट पर ही चार्ज हो सकें। इससे डेढ़ किमी तथा अनावश्यक चार्जिंग समय को बर्बाद होने से बचाया जा सकेगा।

महानगर में 25 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हो रहा है, जोकि लोड फैक्टर और प्रति किमी आय के आधार पर प्रदेश में दूसरे नंबर पर है। वर्ष के अंत तक 42 इलेक्ट्रिक बसें और मिलने का रास्ता साफ हो गया है। प्रथम नंबर पर आने में बिजली, यात्री शेड तथा चार्जिंग प्वांइट की समस्या आड़े आ रही है। संबंधित विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। जिस पर जितनी जल्दी ध्यान दिया जाए उतना सभी के लिए फायदेमंद होगा। – संदीप लाहा, प्रभारी, इलेक्ट्रिक बस संचालन व चार्जिंग स्टेशन


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button