Shahjahanpur News: करंट लगने से बिजली मिस्त्री की मौत, हंगामा

माताराम का फाइल फोटो। स्रोत-जागरुक
कलान। ट्यूबवेल की बिजली लाइन का जंपर जोड़ते समय थाना क्षेत्र के गांव सहवेगपुर निवासी बिजली मिस्त्री माताराम (25) की रविवार सुबह करंट लगने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। इस पर पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत किया। बिजली निगम ने मामले की जांच एसडीओ को सौंपी है।
माताराम निजी लाइनमैन हैं। रविवार सुबह नयागांव सहवेगपुर में ट्यूबवेल की लाइन का जंपर जोड़ने के लिए सीढ़ी से खंभे पर चढ़े थे। वह तार जोड़ ही रहे थे। इस दौरान अचानक लाइन में बिजली प्रवाहित हो गई। करंट से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि खंभे पर चढ़ने से पहले माताराम ने बिजली निगम के दो कर्मियों को कॉल कर लाइन कटवा दी थी। माताराम के भाई प्रमोद ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर थाना प्रभारी गौरव त्यागी पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में भाई प्रमोद ने थाने में बिजली निगम के दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
पांच ट्यूबवेल की काटी गई थी बिजली : बताते हैं कि सहवेगपुर में बकाया होने के चलते पांच ट्यूबवेल की लाइन काट दी गई थी। उसमें एक कनेक्शन माताराम के बहनोई का भी था। जंपर जुड़ने से सभी को आपूर्ति मिलने लगती। उनकी मौत से पत्नी हीराकली, बेटे गौरव, मां सीता का रो-रोकर बुरा हाल है।
– माताराम बिजली निगम में कार्यरत नहीं थे। इसलिए उन्हें शटडाउन भी नहीं मिल सकता है। मामले की एसडीओ से जांच कराकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-मुदित सोनकर, एक्सईएन जलालाबाद

माताराम का फाइल फोटो। स्रोत-जागरुक