Shahjahanpur News: अनुपस्थित मिले कर्मचारी, कटेगा वेतन

नगर निगम के रोशनी गोदाम स्थित पथ प्रकाश कार्यालय में निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों से पूछताछ कर
शाहजहांपुर। नगर क्षेत्र में प्रकाश संबंधी मिल रहीं शिकायतों का संज्ञान लेकर सहायक नगर आयुक्त रश्मि भारती ने बुधवार को रोशनी गोदाम स्थित पथ प्रकाश कार्यालय का निरीक्षण किया। जहां अतिरिक्त कार्यालय में ही कुछ कर्मचारी समूह बनाकर आराम करते मिले। वहीं अनुपस्थित मिले कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश दिए।
सहायक नगर आयुक्त रश्मि ने कर्मचारियों से पूछताछ की तो उन्हें बताया गया कि प्रकाश अधीक्षक व सहायक अभियंता से शिकायत की सूची अभी प्राप्त नहीं हुई है। न ही शिकायतों का कोई रजिस्टर ही बन पाया है। इस पर सहायक नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रकाश अधीक्षक अनवार अहमद तथा सहायक अभियंता पथ प्रकाश का जुलाई का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
कहा कि प्रकाश वाहन को प्रतिदिन समयानुसार निकाला जाए और शिकायतों का रजिस्टर बनाया जाए। उन्होंने कार्यालय में कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका देखी, जिसमें जावेद उल हक, मोहम्मद जुनैद, अजीभुददी, प्रमोद कुमार, मजीर, सत्यप्रकाश, बृजमोहन, नीरज पांडेय बिना किसी कारण अनुपस्थित मिले। उनका एक दिन का वेतन काटने के लिए निर्देशित किया गया। प्रकाश व्यवस्था को दुरूस्त रखने के निर्देश भी दिए।

