Shahjahanpur News: खिलाड़ियों को तीरंदाजी के लिए करें प्रोत्साहित
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sat, 07 Oct 2023 12:56 AM IST

शाहजहांपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम हथौड़ा में निरीक्षण के दौरान निर्देश देते सीडीओ श्याम बहादुर
शाहजहांपुर। सीडीओ श्याम बहादुर सिंह ने परमवीर चक्र नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम हथौड़ा बुजुर्ग का निरीक्षण किया। वह बृहस्पतिवार को स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं के समापन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने जिला क्रीड़ा अधिकारी एसपी बमनिया से कहा कि तीरंदाजी को बढ़ावा देने के लिए खिलाड़ियों को प्रेरित करें।
सीडीओ ने शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी बच्चों को तीरंदाजी के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए जिससे एक नए खेल की तरफ छात्र-छात्राओं का झुकाव हो सके। उन्होंने 10 धनुष इंडियन राउंड, रिकर्व, कंपाउंड लाने के लिए निर्देश दिए ताकि खिलाड़ियों को उच्च धनुर्विद्या मिल सके, इसके लिए कोच की जल्द नियुक्ति के लिए भी कहा। इस मौके पर तीरंदाजी संघ के महासचिव मृदुल कुमार गुप्ता ने बताया कि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर उपाध्यक्ष आशुतोष शुक्ला, सहायक सचिव ब्रजेश कुमार, अभिनव शुक्ला, जिला क्रीड़ाधिकारी एसपी बमनिया, डीआईओएस हरिवंश कुमार, रत्नेश शुक्ला, तीरंदाजी संघ के मीडिया सचिव अंकित गुप्ता आदि मौजूद रहे।