Shahjahanpur News: रेड सिग्नल के बावजूद ट्रेन आगे बढ़ने से इंजन के पहिये पटरी से उतरे

पटरी से उतरे रोजा-बरेली एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन के चक्के
रोजा जंक्शन पर स्पेशल ट्रेन के चालक की लापरवाही से हुई घटना, जांच रिपोर्ट भेजी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। रोजा जंक्शन पर रेड सिग्नल होने के बावजूद रोजा-बरेली स्पेशल ट्रेन यार्ड से प्लेटफार्म की ओर बढ़ा देने से इंजन के चार पहिये पटरी से उतर गए। मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे यह घटना हुई। इसके बाद राहत ट्रेन की मदद से इंजन पटरी पर लाकर पांच घंटे बाद ट्रेन को रवाना किया जा सका। प्रथम दृष्टया चालक को दोषी मानते हुए संयुक्त जांच रिपोर्ट मुरादाबाद मंडल मुख्यालय भेज दी गई है।
यह घटना प्वाइंट नंबर 261 के आगे हुई। लोको पायलट निर्मल सिंह से सूचना मिलने के बाद कंट्रोल रूम ने मालगाड़ियों को रोजा तक आने से रोक दिया, जबकि यात्री ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर तीन गुजारा जाना जारी रखा। घटना की सूचना पर स्टेशन अधीक्षक जेपी सिंह, यातायात निरीक्षक एसके यादव, रेल पथ निरीक्षक हरगोविंद सिंह, एरिया मैनेजर दिलीप कुमार मीणा व अन्य संबंधित अफसर मौके पर पहुंच गए। इंजन को अलग करके बोगियों को पीछे लाया गया। फिर राहत ट्रेन की मदद से इंजन को 11:00 बजे पटरी पर लाया जा सका। सुबह 10:15 बजे दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। स्टेशन अधीक्षक जेपी सिंह ने बताया कि सिग्नल देखे बिना ट्रेन को यार्ड से प्लेटफार्म पर ले जाने से यह घटना हुई।
लोको पायलट का ब्लड सैंपल लिया गया
रेलवे के डॉ. संजय राय ने बताया कि लोको पायलट निर्मल सिंह, शंटिंग मास्टर रामकुमार का ब्लड सैंपल लेकर मंडल मुख्यालय भेज दिए गए हैं।