शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: उलझा देवेश की मौत का मामला, टी-शर्ट पर लिखे नामों में दो रिश्तेदार

Connect News 24

Devesh's death case entangled, two relatives in the names written on T-shirts

गांव मरेना में देवेश के मृत शरीर पर ऐसे रखा था तमंचा और हाथ। संवाद

पुवायां। गांव मरेना निवासी देवेश वाजपेयी का शव 23 मई को खेत में पड़ा मिला था। उनके माथे पर गोली लगी थी। देवेश की टी-शर्ट पर पेन से तीन लोगों के कार से आने और गोली मारने की बात लिखी थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि इनमें से दो लोग देवेश के रिश्तेदार हैं।

पुलिस के अनुसार देवेश की टी-शर्ट पर गांव नहिलोरा के दो और गांव महुई के एक व्यक्ति का नाम लिखा था। दो लोगों के पास तमंचा और एक के पास राइफल होने की बात भी लिखी थी। नहिलोरा के जिन लोगों के नाम लिखे हैं वे देवेश वाजपेयी के दूर के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से देवेश की मौत की बात सामने आई हैं। फोरेंसिक टीम ने जांच में पाया कि गोली माथे से सटा कर चलाई गई है।

गांव के लोग 23 मई को मौके पर पहुंचे तो देवेश वाजपेयी का शव पड़ा देखा। उनके पेट पर एक तमंचा रखा था। इसकी नाल उनके सिर की ओर थी। तमंचे के ऊपर उनका दायां हाथ रखा था। उसके ऊपर बायां हाथ था। पुलिस सूत्र बताते हैं कि परिजन आत्महत्या की बात कह रहे हैं। आत्महत्या में तमंचा एक हाथ में फंसा मिलना चाहिए था और हाथ भी इस तरह सीने पर नहीं हो सकते हैं। इससे आत्महत्या पर सवाल उठ रहे हैं।

टी-शर्ट पर भी गोली लगने के बाद लिखना संभव नहीं है, क्योंकि माथे पर गोली लगने से तत्काल मौत हो गई होगी। ऐसे में यह लिखा मिलना कि तीन लोगों ने उन्हें गोली मार दी है, संदेह पैदा कर रहा है। पुलिस का मानना है कि कुछ तो है जो अभी सामने नहीं आया है। इससे देवेश की मौत की गुत्थी उलझी हुई है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि सभी बिंदुओं को सामने रखकर मामले की जांच की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उन पर ही आगे बढ़ा जाएगा।

इन सवालों का जवाब तलाश रही पुलिस

– गोली लगने के बाद देवेश ने टी-शर्ट पर पेन से बयान कैसे लिखा।

– क्या गोली लगने से पहले ही देवेश ने मारने वालों के नाम टी-शर्ट पर लिख दिए थे।

– अगर टी शर्ट पर देवेश ने नहीं लिखा है तो किसने और क्यों लिखा है।

– तीन नाम और उनका पता हत्यारे के रूप में लिखने से किसे फायदा है। क्या कोई इन लोगों को फंसाना चाहता है।

– जो तमंचा देवेश के सीने पर रखा मिला है, क्या देवेश को गोली उसी से लगी है। इसकी जांच की जा रही है।

– अगर हत्या की गई है तो कारण क्या है। हत्या करने वाले ने लोगों को फंसाने की साजिश क्यों रची है।

– देवेश के पिता आत्महत्या की बात कह रहे हैं। डिप्रेशन में होना बता रहे हैं। किस बात को लेकर परेशान थे देवेश।

वर्जन

देवेश की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा। टी-शर्ट पर लिखी बातों की जांच भी की जाएगी। अब तक के तथ्यों के आधार पर मामला आत्महत्या का लग रहा है। – पंकज पंत, सीओ पुवायां


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button