Shahjahanpur News: ऑपरेशन के बाद भी अल्ट्रासाउंड में दिखी पथरी, धरने पर बैठे पीड़ित

शाहजहांपुर में अजीजगंज स्थित नर्सिंग होम में हंगामे के बाद लगी भीड़
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अजीजगंज स्थित एक निजी नर्सिंग होम में सोमवार की शाम को हंगामा हो गया। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला ककराकलां निवासी रईसुद्दीन की बेटी जबरीन (24) के ऑपरेशन के बाद भी अल्ट्रासाउंड में पथरी नजर आई। आपत्ति दर्ज कराने पर मरीज व तीमारदार को अस्पताल से बाहर निकाल दिया। पीड़ित ने बाहर धरना शुरू कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना खत्म कराया।
जबरीन की किडनी में पथरी होने के कारण उसे 30 जून को ऑपरेशन के लिए भर्ती कराया गया था। पिता रईसुद्दीन ने बताया कि निजी अस्पताल के संचालक ने आयुष्मान कार्ड से भुगतान कराने के बाद शनिवार को पथरी का ऑपरेशन किया। उसके दर्द महसूस होने पर जबरीन ने दूसरे अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराया तो पथरी फिर भी नजर आ गई।
इस पर रईसुद्दीन व उसके बेटे फैजान ने अस्पताल पहुंचकर नाराजगी जताई। आरोप है कि प्रबंधन ने उसे अस्पताल से बाहर निकाल दिया। नाराज परिजनों ने अस्पताल के बाहर धरना शुरू कर दिया। सूचना पर अजीजगंज चौकी के प्रभारी कुलदीप कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने डॉक्टर व मरीज के बीच वार्ता कराई। डॉक्टर ने जबरीन को सीटी स्कैन कराने की सलाह दी है। वहीं रईसुद्दीन ने स्टाफ पर मारपीट का आरोप लगाया है।