Shahjahanpur News: सांड़ की टक्कर से बहगुल नदी में गिरा किसान, डूबा

मृतक जयवीर का फाइल फोटो।
शाहजहांपुर। खेत से लावारिस पशुओं को भगाने के दौरान खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव सिमौरा निवासी जयवीर (50) को सांड़ ने दौड़ा लिया। काफी दूर तक पीछा करने के बाद सांड़ ने उन्हें टक्कर मारकर बहगुल नदी में धकेल दिया। वह डूबने लगे। एक युवक ने बचाकर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जयवीर के पास करीब आठ बीघा जमीन है। वह अपनी खेती खुद ही करते थे। शनिवार को करीब दो बजे वह अपना खेत देखने गए थे। खेत में लावारिस पशुओं को देखकर भगाने लगे। तभी एक सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। सांड़ ने काफी दूर तक पीछा किया। इस बीच वह बहगुल नदी के कटान के भरे पानी के पास पहुंचे। बताते हैं कि सांड़ की टक्कर लगने के बाद वह बहगुल में जा गिरे और डूबने लगे।
इस बीच खेत पर घास काट रहे युवक की नजर पड़ी तो उसने उन्हें बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। जयवीर को सीएचसी ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उनकी मौत से पत्नी रानी और चार बेटों व तीन बेटियों का राे-रोकर बुरा हाल हो गया।
इस वर्ष हुईं प्रमुख घटनाएं
– 23 जनवरी 2023 – जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव कुंडरा के मजरा नौगवां में आलू की फसल की रखवाली करते समय रानी (50) पर छुट्टा पशुओं ने हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई थी।
– 12 जनवरी 2023 – नेशनल हाईवे पर लखीमपुर खीरी निवासी सर्वेश कुमार की कंटेनर से कुचलकर मौत हो गई। सांड़ों की लड़ाई के दौरान टक्कर लगने से वह कंटेनर के नीचे आ गया था।
– 12 मार्च 2023 – निगोही के अरेली गांव निवासी आकाश पाल 20 को दड़िया बाजार में सांड ने सींगकर मार घायल कर दिया। उसका साथी मनोज घायल हो गया। आकाश पाल की मौत हो गई।