Shahjahanpur News: आश्वासन मिलने पर किसानों का धरना समाप्त

तिलहर चीनी मिल ग्राउंड पर किसानों की महापंचायत को संबोधित करते किसान नेता सरदार मनमोहन सिंह।संव
तिलहर। चीनी मिल ग्राउंड पर भारतीय किसान मजदूर यूनियन राष्ट्रवादी की ओर से बृहस्पतिवार को महापंचायत का आयोजन किया गया। शाम को तहसीलदार और नायब तहसीलदार ने पहुंचकर समस्याओं के समाधान का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
सरकारी धान खरीद केंद्रों पर किसानों का धान न खरीदे जाने, नया गन्ना मूल्य घोषित न किए जाने और बेसहारा पशुओं से फसलों के नुकसान आदि समस्याओं के विरोध में यूनियन कार्यकर्ता शुक्रवार को दूसरे दिन भी धरने पर रहे। धरने को महापंचायत में बदलने के आह्वान को लेकर तमाम किसान धरनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान तराई क्षेत्र के प्रदेश अध्यक्ष सरदार सुखदेव सिंह खिंडा ने यूनियन कार्यकर्ताओं की मांगों का समर्थन करते हुए तत्काल सभी मांगों को पूरा किए जाने की मांग की। राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पराज सिंह यादव ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। इसका खामियाजा 2024 के चुनाव में सरकार को भुगतना पड़ेगा। महापंचायत के दौरान दोपहर तीन बजे तक किसी भी अधिकारी के न पहुंचने पर आंदोलनरत किसानों ने तहसील प्रशासन का पुतला दहन करने का ऐलान किया। बाद में तहसीलदार जयप्रकाश यादव और नायब तहसीलदार अवनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान यूनियन के तहसील अध्यक्ष प्रमोद कुमार वर्मा ने किसानों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराते हुए तत्काल समस्याओं के निस्तारण की मांग की। तहसीलदार ने उच्च अधिकारियों से समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन देकर धरना और महापंचायत को समाप्त कराया। मंडल अध्यक्ष रविंद्र सिंह, मंडल उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, जिला प्रभारी शिशुपाल सिंह, जिला अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ क्रांति सिंह, सरदार मनमोहन सिंह मस्ताना, योगेंद्र पाल शाक्य, अजीत सिंह, भवानी प्रसाद मिश्रा, राजेश सिंह, मास्टर प्रयागदत्त, भारत सिंह, संजय मिश्रा, नेत्रपाल मौर्य, कामता प्रसाद वर्मा, सुनील मौर्या, अनिल कुमार वर्मा, प्रदीप कुमार वर्मा, शेर सिंह, गयाराम यादव, मीना यादव, विश्वनाथ सिंह उपस्थित रहे। पंचायत की अध्यक्षता महेंद्र सिंह तथा संचालन प्रमोद कुमार वर्मा ने किया।