Shahjahanpur News: पहलवानों के समर्थन में दिल्ली जाएंगे किसान
मकसूदापुर/बंडा। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा ने कहा कि जंतर मंतर पर चल रहे पहलवानों के धरना-प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए यूनियन पूरी तरह तैयार है। राष्ट्रीय नेतृत्व का आदेश मिलते ही शाहजहांपुर से किसान दिल्ली को रवाना हो जाएंगे।
राजपाल शर्मा रविवार को बंडा के गांव कुइयां महोलिया के गुरुद्वारा साहिब में किसानों और पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहलवानों की मांग सुनी जानी चाहिए और ब्रजभूषण शरण सिंह को जेल भेजा जाना चाहिए। इसके अलावा छुट्टा पशु, बिजली कटौती, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान का मुद्दा उठाया।
इसके बाद बजाज चीनी मिल के जीएम केन प्रवीण सिंह को ज्ञापन सौंपकर बकाया भुगतान कराने की मांग की। इस दौरान मंडल अध्यक्ष सतविंदर सिंह, महिला मंडल अध्यक्ष माधुरी कुशवाहा, जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह धालीवाल, अनिल यादव, कुलदीप सिंह, मुकेश पांडे, विश्वनाथ प्रताप सिंह, संजीव अवस्थी, ब्रजकिशोर मिश्रा, कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।