Shahjahanpur News: लिफ्ट देकर कार में लूटपाट करने वाले फर्रुखाबाद के गैंग का खुलासा

पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस की गिरफ्त में लूट के आरोपी। संवाद
शाहजहांपुर। नेशनल हाईवे पर रिलायंस थर्मल पॉवर के पास लिफ्ट देकर बुजुर्ग दंपती से लूटपाट करने वाले गिरोह के सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस व एसओजी ने पुलिस मुठभेड़ में फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाने के हिस्ट्रीशीटर समेत पांच आरोपियों को पकड़ा है। उनके पास से गहने व दो कारें बरामद की हैं। लुटेरों ने निगोही और मिर्जापुर में भी लूट की घटना करना स्वीकार किया है।
13 जुलाई की सुबह करीब साढ़े नौ बजे आरसी मिशन थाना क्षेत्र के गांव दनियापुर निवासी रामकृपाल पत्नी कमला देवी के इलाज के लिए शाहजहांपुर जा रहे थे। राैसर चौराहे के पास वाहन के इंतजार में खड़े दंपती को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठा लिया था। लुटेरों ने चलती कार में उनसे नकदी, जेवर लूटने के बाद सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के बालाजी मंदिर के पास उतारकर भाग गए थे।
मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद एसओजी समेत चार टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर हरदोई मार्ग पर बंद पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की। मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाशों को सुबह करीब चार बजे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके पास से नकदी, आभूषण व लूट में प्रयुक्त कार समेत एक अन्य कार भी बरामद की है।
पुलिस लाइन में पत्रकारों को एसपी अशोक मीणा ने बताया कि पुलिस ने फर्रुखाबाद निवासी गैंग का खुलासा किया है। गैंग का सरगना पंकज गिहार उर्फ राजा निवासी मोहल्ला लाल दरवाजा थाना कादरी गेट हिस्ट्रीशीटर है। इसके अलावा थाना राजेपुर के गांव बिरसिंहपुर निवासी अंकित, सीमांत चौहान निवासी दीन दयाल बाग मसैनी थाना कोतवाली, अंकित चौहान उर्फ सानू निवासी दुर्गा कालोनी मोहल्ला भोलेपुर थाना कोतवाली फतेहगढ़ व सर्वेश कुमार निवासी बिर्राबाग कादरी गेट को गिरफ्तार किया। आरोपी पंकज पर कन्नौज, कानपुर देहात, फतेहगढ़, हरदोई आदि में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
कार का बदल देते थे नंबर, मुख्य रास्तों का नहीं करते थे प्रयोग
फर्रुखाबाद के गैंग के पास दो कारें हैं, जिनके जरिए दूर-दूर जाकर स्थान बदलकर लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। रास्ते में सीधे-सादे लोगों को निशाना बनाते हैं। एक व्यक्ति गाड़ी खड़ी कर सवारी के इंतजार में खड़े लोगों को गंतव्य तक छोड़ने का झांसा देकर बैठा था। फिर चलती गाड़ी में लूट की घटना को अंजाम देता था। घटना के बाद गाड़ी से उसकी सही नंबर प्लेट उतारकर उस पर फर्जी प्लेट लगाकर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से बचने के लिए साइड के रास्तों से होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच जाते थे।
गैंगस्टर की कार्रवाई होगी
एसपी ने बताया कि गैंग ने जिले समेत हरदोई, लखीमपुर खीरी, बरेली, एटा, आगरा, मैनपुरी आदि में करीब दो दर्जन से ज्यादा घटनाएं करना स्वीकार किया है। एसपी ने बताया कि आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी।