शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: ब्लैकमेलिंग से तंग आकर बीए की छात्रा ने फंदे से लटककर दी जान

Connect News 24

शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी छात्रा तान्या सैनी (19) ने सोमवार शाम को पंखे से लटककर जान दे दी। वह बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। परिजनों ने युवक पर ब्लैकमेल कर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पिता शादी समारोह में फूलों से सजावट करने का काम करते हैं। सोमवार की शाम करीब पांच बजे वह पत्नी के साथ रिश्तेदारी में गए थे। बेटी घर में अकेली थी। रात करीब साढ़े आठ बजे घर लौटे दंपती को मकान का मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर कूलर भी चल रहा था। बरामदे में अंधेरा था। लाइट जलाते ही बेटी को साड़ी के फंदे से लटका देखकर उनकी चीख निकल पड़ी। तान्या का शरीर गर्म महसूस होने पर परिजन उसे लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मां की ओर से सदर थाने में तहरीर देर ढकाताल कॉलोनी निवासी सौरभ शर्मा व उसके दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने आरोपी सौरभ को पकड़ लिया। सौरभ के पिता डाकघर में कार्यरत बताए जाते हैं। यहां बता दें कि तान्या दंपती की इकलौती संतान थी।

सौरभ कर रहा था परेशान, भेज रहा था अश्लील मेसेज

तान्या आर्य महिला डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। उसे सौरभ नाम का युवक परेशान कर रहा था। मां ने दर्ज कराए मुकदमे में आरोप लगाया कि सौरभ बेटी को फोन पर अश्लील मेसेज भेज रहा था। उसने सौरभ के घर जाकर शिकायत की थी। इस पर आरोपी की मां लड़ने लगी थी। इसके बाद भी सौरभ अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और उसने तान्या के अपहरण की धमकी दी थी। ब्लैकमेल करने के चक्कर में ही तान्या ने आत्महत्या कर ली। सौरभ के दोस्त भी साजिश में शामिल थे।

तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को जेल भेज दिया है। मामले की जांच की जाएगी। – बीएस वीर कुमार, सीओ सिटी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button