Shahjahanpur News: रास्ते से गुजरने के विवाद में फायरिंग, गाल पर लगा छर्रा
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 17 Jan 2024 03:15 AM IST

फायरिंग में घायल ऋषिपाल। स्रोत-जागरुक पाठक
सेहरामऊ दक्षिणी। थाना क्षेत्र के गांव इटौरा में सोमवार की रात दो पक्षों में विवाद के बाद फायरिंग हो गई। तमंचे से किए फायर का छर्रा गाल में लगने से ऋषिपाल (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अतिरिक्त एक अन्य युवक के चोटें आई हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
गांव निवासी संदीप अपने चाचा छोटे को सोमवार की रात खाना देने के लिए खेत पर जा रहा था। रास्ते में गांव के सत्यशील से उसका विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, सत्यशील ने रास्ते से गुजरने पर गाली देना शुरू कर दिया था। संदीप ने अपने चाचा को पूरी जानकारी दी। रात करीब साढ़े दस बजे छोटे, संदीप व उसका भाई ऋषिपाल शिकायत करने के लिए सत्यशील के घर पर पहुंच गए। जहां दोनों पक्षों में विवाद हो गया। लाठी-डंडे चलने के साथ ही फायरिंग हो गई। इस बीच सत्यशील द्वारा तमंचे से फायर करने पर एक छर्रा ऋषिपाल के गाल में लगने से वह लहूलुहान हो गया। संदीप के पैरों में चोट आई है। सूचना पर पुलिस पहुंचीं तो आरोपी मौके से भाग गया। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मामले में सत्यशील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
-रात में फायरिंग की सूचना पर पुलिस ने मौका-मुआयना किया है। आरोपी की तलाश के लिए टीमों का गठन कर लिया गया।
अमित चौरसिया, सीओ सदर