Shahjahanpur News: शहर में बनेगा पहला सूर्य नमस्कार पार्क
शाहजहांपुर। नगर निगम शहर में पहला सूर्य नमस्कार पार्क बनाएगा। इसके लिए ककरा स्थित जैव विविधता पार्क में जगह चिह्नित कर ली गई है। इस पर 24 लाख रुपये खर्च होंगे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शासन ने तय किया था कि प्रदेश के प्रत्येक महानगर में एक सूर्य नमस्कार पार्क बनाया जाएगा। इस पार्क के बनाने का मकसद योग के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करना होगा। लोगों को यह जानकारी देने की कोशिश होगी कि अगर वे सूर्य नमस्कार की स्थिति में रोज योग करेंगे तो बीमारी उनके पास भी नहीं आ सकती।
मुख्य अधिशासी अभियंता एसके आंबेडकर ने बताया कि शहर में सूर्य नमस्कार पार्क बनाने के लिए योजना करीब एक वर्ष पहले बनाई गई थी। इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन के पास अनुमति के लिए भेजी गई थी। इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही अब सूर्य नमस्कार पार्क विकसित करने का रास्ता साफ हो गया है। निगम इस पार्क में सूर्य नमस्कार आसन की सभी मुद्राओं को व्यक्त करने वाले स्टेच्यू लगाएगा। उसमें किस प्रकार से यह व्यायाम करना है, उसके फायदे भी प्रत्येक स्टेच्यू के सामने लिखे जाएंगे।