Shahjahanpur News: पानी भरे गड्ढे में नहाने गए पांच डूबे, तीन की मौत
– खनन से हुआ था गड्ढा, आसपास काम कर रहे लोगों ने दाे बच्चों को बचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर (शाहजहांपुर)। मिर्जापुर क्षेत्र के ग्राम बहेरिया में बृहस्पतिवार को पांच बच्चे खेत में बने गड्ढे में नहाते समय डूब गए। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने दो बच्चों को बचा लिया। तीन बच्चों की डूबकर मौत हो गई। बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फर्रुखाबाद जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव भकुसिया से ननिहाल ग्राम बहेरिया आए शिवा (10) पुत्र विजय, शिवा के रिश्तेदार मोनू (10) पुत्र सौरभ, गांव के रहने वाले रेहान (9) पुत्र आशिक अली उर्फ भल्ले, विपिन पुत्र ओमकार और कृष्णा पुत्र रामू साथ में घर से नहाने निकले थे। गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक खेत में मिट्टी खनन से हुए लगभग 20 फुट गहरे गड्ढे में सभी बच्चे नहाने उतरे। गहराई ज्यादा होने से बच्चे उसमें डूबने लगे। किनारे की तरफ रहे विपिन और कृष्णा ने शोर मचाया। तभी खेतों में काम कर रहे लोगों ने विपिन और कृष्णा को तुरंत बाहर निकाल लिया। शिवा, मोनू और रेहान गहराई में चले गए। आसपास के लोगों ने उन लोगों को किसी तरह बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर मिर्जापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।