Shahjahanpur News: कोहरा हुआ घना, सर्दी बढ़ने से दिन में भी नहीं मिल रही राहत
शाहजहांपुर। सर्दी बढ़ने के साथ कोहरे ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार रात से बुधवार सुबह करीब आठ बजे तक घना कोहरा छाया रहा। इसके बाद धूप जरूर निकली लेकिन असर काफी कम रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अभी कोहरा और बढ़ेगा। तापमान में भी गिरावट होगी।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक पछुआ हवा चलने से सर्दी बढ़ेगी। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री और अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट होने की संभावना है।
गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद मौसम
कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. एनसी त्रिपाठी ने बताया कि सर्दी बढ़ने से पाला गिरने लगा है। मौसम गेहूं की फसल के लिए काफी फायदेमंद है। अगर लगातार पाला गिरेगा तो आलू में झुलसा रोग लगने की संभावना रहेगी। अन्य फसलों के लिए अभी कोई नुकसान नहीं है। सर्दी अधिक होने पर सरसों पर भी असर पड़ सकता है।