Shahjahanpur News: चार ब्लॉकों के 20 तालाबों में डाली गई गंबूजिया मछली

शाहजहांपुर के पड़रा सिकंदरपुर स्थित तालाब में गंबूसिया मछली को छोड़ते सीएमओ डॉ.आरके गौतम। स्त्
पड़रा सिकंदरपुर स्थित तालाब में सीएमओ ने छोड़ी मछली
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। मच्छरों के लार्वा से होने वाले वायरल बुखार, डेंगू और मलेरिया जैसे रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने गंबूजिया मछली के 20 पैकेट बदायूं से मंगाए हैं। मछलियों को चार ब्लॉकों के सबसे ज्यादा प्रभावित गांवों में छोड़ा गया। भावलखेड़ा के पड़रा सिकंदरपुर गांव में स्थित तालाब में सीएमओ डॉ.आरके गौतम की निगरानी में मछलियों को छोड़ा गया।
स्वास्थ्य विभाग ने लार्वा को नष्ट करने वाली गंबूजिया मछली मंगाने के लिए मत्स्य विभाग से पत्राचार किया था। जिले में पहली बार पड़ोसी जिले बदायूं से गंबूजिया मछली के 20 पैकेट मिल गए हैं।
सीएमओ ने बताया कि बदायूं में डेंगू-मलेरिया का ज्यादा प्रभाव होने के चलते मछली तालाबों में डाली गई थी। उम्मीद है कि मच्छर का लार्वा खत्म होने के बाद बीमारी पर लगाम लग जाएगी।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ.एसपी गंगवार ने बताया कि भावलखेड़ा में आठ, सिंधौली, ददरौल और कांट में चार-चार पैकेट दिए गए हैं, जो 20 तालाबों में डाले जाएंगे। प्रत्येक पैकेट में 80 से 100 तक मछली होती हैं।
–
मंगलवार को 10102 मरीजाें का परीक्षण कर 1694 मरीजों की लैब में जांच की गई। 133 मरीजों को भर्ती किया गया। 17 मरीजों को रेफर किया गया। 1694 रोगियों की स्क्रीनिंग में एक मलेरिया रोगी मिला।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि 13 टीमें लगातार भ्रमण कर रहीं हैं। अब तक लगभग 890 घरों में लार्वा मिल चुका है। 49 हजार घरों का सर्वे भी किया जा चुका है।