शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: टूटी सड़कों से गुजरेगी गणेश विसर्जन शोभायात्रा और जुलूस-ए-मोहम्मदी

Connect News 24

शाहजहांपुर। शहर की मुख्य व गलियों की सड़कों को सीवर लाइन डालने के लिए खोदकर छोड़ दिया गया है। जिस पर वाहनों का गुजरना तो मुश्किल है ही पैदल चलना भी दूभर है। ऐसे में गणेश महोत्सव के समापन पर जहां मूर्तियों के विसर्जन से पूर्व शोभायात्राएं और जुलूस ए मोहम्मदी निकालने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

गणेश महोत्सव के तहत घरों व पंडालों में विराजमान गणेश जी मूर्तियों का विसर्जन करने के लिए लोग विभिन्न मार्गों से होकर जाते हैं। बुधवार को खिरनीबाग स्थित रामचरन लाल धर्मशाला में विराजमान मराठा के महाराजा की विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। इसका रूट सदर बाजार, बहादुरगंज, घंटाघर से कच्चा कटरा, चौक, चारखंभा होते हुए गर्रा स्थित राजघाट तक निर्धारित था।

इसी तरह से 28 सितंबर को चौक में क्षत्रिय धर्मशाला में विराजमान चौक के महाराजा और शर्मा जी के डेरे पर स्थित पंडाल से मठिया के महाराजा के विसर्जन को निकलने वाली शोभायात्रा के लिए चौक से चारखंभा होकर गर्रा स्थित घाट तक रूट तय है। इन रूटों सड़कों की हालत काफी खराब है। सदर बाजार चौराहा, पंखी चौराहा में सीवर लाइन का चैंबर बनाया गया था। जहां सड़क के गड्ढे को मिट्टी और गिट्टी डालकर भर दिया गया, लेकिन उसे व्यवस्थित नहीं किया गया। बहादुगंज चौकी से लोहा मंडी मोड़ तक सड़क खोदे जाने से गड्ढे हो गए हैं। घंटाघर से आगे पोस्ती पाकड़ में बद्रीनाथ मंदिर के पास, कच्चा कटरा, चौक होकर चारखंभा होते हुए गर्रा पुल तक सड़क कई जगह खुदी पड़ी है। जिसको ठीक नहीं कराया गया है।

जहां से शुरू होना है जुलूस ए मोहम्मदी वहीं खोद डाली सड़क

बृहस्पतिवार को शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी स्टेशन वाली मस्जिद के सामने से शुरू होगा। वहीं पर जल निगम ने मंगलवार रात को सीवर लाइन के लिए सड़क खोदवा दी है। वहीं लाल इमली चौराहा से लेकर घंटाघर तक सड़क पूरी तरह से उधड़ी पड़ी है। जगह-जगह गड्ढे हैं। मुस्लिम क्षेत्रों की गलियों में खोदाई के चलते लोगों का निकलना बैठना दूभर है, जबकि इन मोहल्लों से भी लोग छोटी-छोटी टोलियों में एकत्रित होकर जुलूस में शामिल होने को पहुंचते हैं।

नगर आयुक्त ने दिए थे जुलूस मार्ग बनवाने के निर्देश

त्योहारों के दृष्टिगत निकलने वाले जुलूस मार्गों को ठीक प्रकार से मरम्मत कराए जाने के निर्देश नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा की ओर से दिए गए थे, जिसके तहत कुछ जगह मरम्मत का काम भी कराया गया, लेकिन यह नाकाफी है। जिन सड़कों के गड्ढों को भरकर बराबर करने का कम किया गया है, उनके पुन: निर्माण की जरूरत है। इसका कारण सड़कों पर सिर्फ गड्ढे ही नहीं पूरी सड़क ही उधड़ी होना है। इनके आसपास की सड़कें उनसे अधिक खराब हालत में हैं। जिन सड़कों के गड्ढों को भरने का काम हुआ उनमें हॉकी मैदान के सामने वाली सड़क के आगे बढ़ते ही रोडवेज बस अड्डा के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग से लाल इमली चौराहा की ओर जाने वाला मार्ग सबसे खराब स्थिति में है। इसी तरह से लाल इमली चौराहा से ईदगाह रोड भी क्षतिग्रस्त है। जिन पर छोटे-बड़े हजारों गड्ढे हैं। इनको नहीं भरा जा रहा।

जुलूस के मार्गों की मरम्मत कराए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। कुछ जगह काम भी हुआ है। इसका स्वयं निरीक्षण कर गुणवत्ता का ख्याल रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। जुलूस ए मोहम्मदी के रूट पर रात में ही बडे़ गड्ढों को भरवा दिया जाएगा, इसके प्रयास जारी हैं। – संतोष कुमार शर्मा, नगर आयुक्त


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button