Shahjahanpur News: अटसलिया ओवरब्रिज से कूदी युवती, दोनों पैर की हड्डियां टूटीं
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 29 Oct 2023 12:23 AM IST

घायल अवस्था में मनु सिंह मेडिकल कॉलेज में भर्ती। संवाद
शाहजहांपुर। घर से कोचिंग जाने की बात कहकर निकली युवती शनिवार सुबह अटसलिया ओवरब्रिज से कूद गई। आनन-फानन राहगीरों ने एंबुलेंस से युवती को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। युवती के दोनों पैर टूट गए हैं। सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में भी कई जगह उसे चोट लगी है। अभी युवती को पूरी तरह होश नहीं आया है।
थाना रोजा क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी राकेश सिंह की 19 वर्षीय बेटी मनु सिंह अटसलिया-मोहम्मदी बाईपास स्थित निजी महाविद्यालय में बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा है। परिजनों के मुताबिक शनिवार सुबह सात बजे वह साइकिल से रोजा स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने के लिए निकली थी। पूर्वाह्न करीब 11 बजे युवती अटसलिया ओवरब्रिज पर पहुंची। किनारे पर साइकिल खड़ी कर वह ओवरब्रिज के नीचे देखने लगी। कुछ राहगीरों ने उसे टोका भी। इसके बाद वह अचानक नीचे कूद गई। उसे तड़पता देख राहगीरों ने 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस बुला ली। इसके बाद युवती को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। उनके मुताबिक घर में कोई ऐसी बात नहीं हुई जिससे उसे ऐसा कदम उठाना पड़े। परिजन युवती के होश में आने का इंतजार कर रहे हैं।

