Shahjahanpur News: शॉपिंग स्टोर में युवती से छेड़खानी, इंस्टाग्राम पर भेजे मैसेज
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 16 Nov 2023 12:10 AM IST
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के एक शॉपिंग स्टोर की महिला कर्मचारी से युवक ने छेड़खानी कर दी। उसके ऊपर हाथ रखा, सहेली को धमकाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान कर दिया है।
कांट कस्बे के एक मोहल्ले में रहने वाली युवती यहां एक शॉपिंग स्टोर में काम करती है। युवती ने थाना सदर बाजार पुलिस को बताया कि उनके स्टोर में रोजा निवासी विक्रम चौहान एक दिन खरीदारी करने आया था। नाम जानने के बाद वह उसे लगातार परेशान करने लगा। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर संदेश भेजे, जिस पर युवती ने उसे ब्लॉक कर दिया। इसके बाद वह स्टोर पर आया और सहेली को साथ में जाने पर जान से मारने की धमकी दी। युवती ने बताया कि 13 नवंबर को स्टोर में आरोपी ने तीन बार आकर बात करने की कोशिश की।
उसके ऊपर हाथ रखा। स्टोर के सीनियर को बताने के बाद आरोपी भाग गया। युवती की तहरीर पर पुलिस ने छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के आद आरोपी को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह ने बताया कि सात साल से कम की सजा होने के चलते आरोपी विक्रम चौहान का शांतिभंग में चालान किया गया।