Shahjahanpur News: आज उदया तिथि में होगी गोवर्धन पूजा
शाहजहांपुर। पंचाग के अनुसार प्रतिपदा तिथि सोमवार को दोपहर 2:56 बजे लगने के कारण गोवर्धन पूजा मंगलवार को उदया तिथि में होगी। घरों में जहां गोबर से आकृतियां बनाकर पूजा की जाएगी तो वहीं गोशालाओं में भी पूजन होगा।
पं. अरुण कुमार शुक्ला ने बताया कि पंचाग में प्रतिपदा तिथि के सोमवार को दोपहर 2:56 बजे से मंगलवार को दोपहर 2:36 बजे तक रहने का उल्लेख है। उदयातिथि में पर्व मनाना शुभ माना जाता है। ऐसे में गोवर्धन पूजा मंगलवार को सुबह से होगी। बोले कि गोवर्धन पूजा करने के लिए घर के आंगन में गाय के गोबर से भगवान कृष्ण की आकृतियां बनाई जाती हैं। इसके साथ ही गाय, बछड़े व ब्रज आदि की भी आकृति बनती हैं। फिर उनको फूलों से सजाया जाता है।
शुभ मुहूर्त में गोवर्धन महाराज को रोली, अक्षत, चंदन लगाना चाहिए। उसके बाद दूध, पान, खील बताशे, अन्नकूट अर्पित करें और विधि विधान के साथ पूजा अर्चना करना चाहिए। पूरे परिवार के साथ पानी में दूध मिलाकर गोवर्धन महाराज की परिक्रमा और फिर आरती करने की परंपरा है। इसके बाद गोवर्धन महाराज के जयकारे लगाए जाते हैं और घर के बड़ों का आशीर्वाद लिया जाता है।