Shahjahanpur News: गुदेपाल को मिला न्याय, बैकफुट पर आया प्रशासन

गांव पकड़िया मल्हपुर में गुदेपाल की जमीन की पैमाइश कराने पहुंचे एसडीएम और सीओ। संवाद
पुवायां (शाहजहांपुर)। नियमों का हवाला देकर गुदेपाल की जमीन की पैमाइश से मना करने वाले अधिकारी अब बैकफुट पर आ गए और शुक्रवार को मौके पर पहुंचे। इसके बाद पैमाइश कर गुदेपाल को उसकी जमीन पर कब्जा दिलाया गया। गुदेपाल ने इसे न्याय की जीत बताया है।
गांव पकड़िया मल्हपुर निवासी गुदेपाल ने पत्नी के नाम वर्ष 2017 में एक एकड़ जमीन खरीदी थी, लेकिन उनकी साढ़े तीन बीघा जमीन पर लोगों ने कब्जा कर रखा है। गुदेपाल जमीन से अवैध कब्जा हटवाने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे। एसडीएम का कहना था कि गुदेपाल डीएम के यहां वाद दायर करें, जिससे उनके हिस्से का चिह्नीकरण हो सके और बाद में पैमाइश।
परेशान गुदेपाल ने आठ दिसंबर को लखनऊ में जहरीला पदार्थ खा लिया था। गुदेपाल की हालत ठीक होने पर पुवायां पुलिस उन्हें लखनऊ से ले आई थी। 12 दिसंबर को गुदेपाल परिवार सहित फिर लखनऊ गए तो पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और पुवायां पुलिस बुलाकर घर भेज दिया। गुदेपाल का कहना था कि जब तक जमीन पर कब्जा नहीं मिलेगा, वह मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ जाते रहेंगे।
शुक्रवार को एसडीएम संजय कुमार पांडे, सीओ पंकज पंत, इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जमीन की पैमाइश कर गुदेपाल को कब्जा दिलवाकर मेड़ डलवाई गई। गुदेपाल के खेत से अवैध रास्ते को भी बंद कराया। गुदेपाल ने कहा कि उसका संघर्ष रंग लाया और न्याय की जीत हुई है।
पैमाइश करानी ही थी तो तीन महीने तक क्यों किया परेशान
गुदेपाल को डीएम के यहां वाद दायर करने के नाम पर तीन महीने से टरकाया जा रहा था। उन्हें बताया जा रहा था कि बिना वाद दायर किए जमीन की पैमाइश संभव नहीं है। शुक्रवार को जमीन की पैमाइश कर गुदेपाल को कब्जा दिला दिया। गुदेपाल ने वाद भी दायर नहीं किया है। ऐसे में बिना वाद दायर किए किस प्रावधान के तहत पैमाइश करा दी गई। बिना वाद के पैमाइश की जा सकती थी, तो गुदेपाल को तीन महीने से परेशान क्यों किया गया।
दोनों पक्षों की सहमति बनने के बाद पैमाइश कर मेड़ डलवा दी गई है। अब गुदेपाल को कोई समस्या नहीं है। -संजय कुमार पांडेय, एसडीएम पुवायां