Shahjahanpur News: ऑटो से यात्रियों के बैग चोरी करने वाली हरियाणा की महिला गिरफ्तार

कांट पुलिस की गिरफ्त में टप्पेबाज महिला।
शाहजहांपुर/कांट। ऑटो में सफर के दौरान यात्रियों के बैग चोरी करने वाली हरियाणा की महिला को कांट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उससे करीब ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद हुए हैं। पुलिस उससे गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है।
थाना प्रभारी जयशंकर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने ममता निवासी सरकारी विद्यालय के पास पारोली, जिला पलवल (हरियाणा) को बरेली मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से पुलिस ने चार जोड़ी बिछुआ, तीन सोने के लॉकेट, झुमकी, सोने की लर, नथ और दो सोने की मांगबेंदी बरामद की हैं। एसपी एस. आनंद ने बताया कि हरियाणा के इस गिरोह में पुरुष और महिलाओं के अलावा चार बच्चे भी शामिल हैं। बच्चों की मदद से ही चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था। ये सभी बहेलिया जाति के हैं।
कई जिलों में है गिरोह का नेटवर्क
गिरोह के सदस्यों ने पुवायां के गांव हरैया में अपनी रिश्तेदारी में ठिकाना बना रखा है। ये लोग बरेली, लखीमपुर, पीलीभीत और शाहजहांपुर के भीड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर शादी में जाने वाली महिलाओं को निशाना बनाते थे। आरोपी ममता अधिक जेवर पहनने वाली महिलाओं के पास बैठकर उसे बातों में उलझाती थी, फिर उसके बैग के पास अपना बैग रख देती थी। ध्यान बंटाकर महिला का बैग चोरी कर गिरोह के अन्य सदस्य को थमा देती थी। इसके बाद ऑटो रुकवाकर उतर जाती थी। जेवर के अलावा नकदी चोरी करने वाला ये गिरोह रोजाना दो-तीन घटनाओं को अंजाम देता था। जेवरों की स्थानीय स्तर पर बिक्री नहीं करते थे।
बाडूजई प्रथम में किराये पर ले रखा था कमरा
पुवायां के गांव में रिश्तेदारी में रुकने के साथ ही गिरोह के सदस्यों ने थाना सदर बाजार के मोहल्ला बाडूजई प्रथम में किराये पर कमरा ले रखा था। पुलिस ने कमरे में दबिश दी लेकिन गिरोह के सदस्य नहीं मिले। एसपी ने बताया कि महिला के पास से बरामद जेवरात के बारे में आसपास के थानों से जानकारी की जा रही है।
जमानत के लिए पेश करते थे फर्जी जमानतदार
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गिरोह की महिलाओं पर पुरुष सदस्य दूसरी गाड़ी में बैठकर नजर रखते थे। गिरोह की महिला सदस्य के पकड़े जाने पर तुरंत वकील से संपर्क किया जाता था। पुलिस के अनुसार, गिरोह फर्जी जमानतदारों को पेश कर जमानत करा लेते थे।