Pilibhit News: कैंच और शाही के पंचायत सहायक का जवाब तलब

तीन मई को प्रकाशित खबर। संवाद
मंडलायुक्त ने संज्ञान लेकर डीपीआरओ से मांगी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। पंचायतों घरों में नहीं बैठने पर कैंच और शाही के पंचायत सहायकों का जवाब-तलब किया गया है। मंडलायुक्त के इस मामले को संज्ञान में लेने पर डीपीआरओ ने यह कार्रवाई की है।
ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं देने के इरादे से सरकार की ओर से लाखों रुपये की लागत से पंचायत घरों को बनवाया गया है। पंचायत सहायकों की तैनाती भी की गई है। निर्देश हैं कि ग्राम पंचायत के सभी कार्य पंचायत घर में बैठकर करवाए जाएं। इसके बाद भी अधिकांश पंचायत घरों पर ताले लटके रहते हैं। मामले की पड़ताल करते हुए अमर उजाला ने तीन मई के अंक में ‘दावे धड़ाम.. ग्राम पंचायत घरों में बैठकर नहीं हो रहा काम’ शीर्षक से खबर को प्रकाशित की थी।
खबर प्रकाशित होने के बाद इसका मंडलायुक्त ने संज्ञान लिया। डीपीआरओ से जांच कर रिपोर्ट मांगी। मंडलायुक्त के निर्देश के बाद जिला पंचायतराज अधिकारी ने कैंच और शाही के पंचायत सहायकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। जांच के दौरान बिठौरा में पंचायत सहायक की तैनाती नहीं होने की बात भी सामने आई है।
जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा ने बताया कि नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। साथ ही कड़ी चेतावनी भी दी गई है।