Shahjahanpur News: हजरत हाफिज मियां का उर्स आज से, मेला लगा
शाहजहांपुर। मोहल्ला हाथीथान में हजरत हाफिज अहमद हुसैन खां उर्फ हाफिज मियां रहमतुल्ला अलैह का तीन दिवसीय 115वां सालाना उर्स मंगलवार से शुरू होगा। मेला भी सजने लगा है।
नायब सज्जादा सिराजुद्दीन अहमद खान ने बताया कि सज्जादानशीन हाजी वकार अहमद मियां की सरपरस्ती में हर साल की तरह हजरत हाफिज मियां का 115वां सालाना उर्स चार से छह जुलाई तक खानकाह हाफिजिया में मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि चार जुलाई को सुबह सात बजे कुरान ख्वानी और रात दस बजे महफिल-ए-समा में कव्वालियां होंगी।
पांच जुलाई को अपरान्ह ढाई बजे महफिल-ए-मीलाद-उल-नबी और जियारत कदम शरीफ, रात दस बजे महफिल-ए-समा का आयोजन होगा। बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे कुरान ख्वानी, सुबह 10 बजे कुल शरीफ होगा। रात 10 बजे कव्वालियां होंगी। सज्जादानशीन वकार मियां ने बताया कि हाफिज मियां एक सूफी बुज़ुर्ग होने के साथ उर्दू व फारसी भाषा के बड़े शायर भी थे। उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर पुस्तक भी प्रकाशित हो चुकी हैं। संवाद