Shahjahanpur News: गौरीकलां गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, 112 मरीजों की जांच

सेहरामऊ दक्षिणी के गौरीकलां गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगे शिविर में दवा देते कर्मचार
भाई-बहन की मौत के बाद जागा स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने लोगों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी के गौरी कलां गांव में बुखार ने पैर पसार लिए हैं। बुधवार को सगे भाई-बहन की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में जाकर स्वास्थ्य कैंप लगाया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.पीपी श्रीवास्तव ने छिड़काव के लिए दवा भी प्रधान को उपलब्ध कराई। इस दौरान 112 लोगों की जांच की गई।
गौरीकलां निवासी सत्यपाल की आठ साल की बेटी रागिनी व चार साल के बेटे शेखर की बुखार से मौत होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद टूटी। बच्चों को सीएचसी पर दिखाने के बजाए निजी अस्पताल में दिखाया गया था। हालत गंभीर होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर परिजन पहुंचे थे। जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
शाम को स्वास्थ्य विभाग के पास सूचना पहुंचने के बाद सीएमओ डॉ.आरके गौतम ने बृहस्पतिवार को भावलखेड़ा सीएचसी की टीम को गांव में भेजा। टीम ने स्कूल में शिविर लगाकर मरीजों का उपचार किया। इस दौरान 112 लोगों की जांच की गई।
सीएमओ डॉ.आरके गौतम ने बताया कि जांच में किसी को डेंगू या मलेरिया नहीं निकला है। सामान्य वायरल बुखार से लोग पीड़ित हैं। हालात सामान्य होने तक लगातार टीम कैंप लगाएगी। गांव में काफी गंदगी मिली है। सफाई के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी से फोन पर बातचीत की है।
–
आज जिले से भेजे जाएंगे डॉक्टर
गांव में वायरल बुखार फैलने के बाद भी जिले से टीम को नहीं भेजा गया। सीएचसी की टीम ने गांव में मरीजों का परीक्षण किया। शुक्रवार को जिले से डॉक्टरों को भेजकर मरीजों की जांच की जाएगी।
–
जिले में बुखार का प्रकोप, बेड तक नहीं मिल पा रहे लोगों को
शाहजहांपुर। बुखार अब जानलेवा साबित होने लगा है। बुखार के मरीज घर-घर में है। राजकीय मेडिकल कॉलेज व निजी अस्पतालों की हालात काफी ज्यादा खराब है। लोगों को बेड तक नहीं मिल पा रहे हैं।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्राॅमा सेंटर में बृहस्पतिवार को मरीजाें की भीड़ उमड़ पड़ी। एक बेड पर दो मरीजों को लिटाया गया, साथ ही स्ट्रेचर भी लगाना पड़ गई। प्राचार्य डॉ.राजेश कुमार ने बताया कि वर्तमान में 450 से अधिक मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। ओपीडी में भी 1500 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं।

सेहरामऊ दक्षिणी के गौरीकलां गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगे शिविर में दवा देते कर्मचार