Shahjahanpur News: डिप्टी सीएमओ के पहुंचने से पहले ही भागा झोलाछाप
शाहजहांपुर। निगोही में रेलवे गौटिया निवासी अरविंद शर्मा की झोलाछाप की दवा खाने से मौत के बाद सोमवार को डिप्टी सीएमओ डॉ.आसिफ ने निरीक्षण किया।
जिले की स्वास्थ्य सुविधाएं काफी लचर हैं। इसी का फायदा झोलाछाप उठाते हैं। जिले के स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में 88 नर्सिंग होम पंजीकृत हैं। इसमें सबसे अधिक शहरी क्षेत्र में हैं। उसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते ग्रामीण इलाकों में बड़े पैमाने पर बिना पंजीकरण के नर्सिग होम चल रहे हैं। बिना मानक के चल रहे अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई नहीं कर पाता है। इसी के चलते आए दिन कोई न कोई हादसा हो जाता है।
रविवार को निगोही में पेट में दर्द होने पर अरविंद शर्मा को उनकी पत्नी रीना ने दवा लाकर दी थी। दवा खाने के दस मिनट के बाद ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। सीएमओ के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहम्मद आसिफ जांच करने पहुंचे, लेकिन स्वास्थ्य टीम के पहुंचने से पहले ही झोलाछाप क्लीनिक और मेडिकल स्टोर बंद कर चला गया। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि क्लीनिक बंद होने के चलते जांच नहीं हो सकी है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. आसिफ के अनुसार, उन्होंने चार्ज संभालने के बाद करीब 30 से 35 अस्पतालों का निरीक्षण किया। कई अस्पतालों को सील किया, जबकि कुछ जगह पर मानक पूर्ण करने के लिए चेतावनी जारी की गई।

