Shahjahanpur News: कैसे हो उपचार…15 सीएचसी पर डेंटिस्ट तैनात पर उपकरण नहीं

सीएचसी में उपकरणों के अभाव में निष्प्रयोज्य पड़ी डेंटल चेयर । संवाद
शाहजहांपुर। जिले के ग्रामीण इलाकों में दांत के मरीजों पर सरकारी अव्यवस्था भारी पड़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के पास अधिकतर सीएचसी पर डेंटिस्ट की नियुक्ति तो है पर उपकरण नहीं होने से वह मरीजों को सिर्फ दर्द की दवा देकर रेफर कर रहे हैं। इस कारण ग्रामीण इलाकों के मरीजों का निजी डेंटिस्ट या झोलाछाप के पास जाना मजबूरी हो गई है।
जिले में 15 सीएचसी हैं। स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में हर सीएचसी पर डेंटिस्ट की तैनाती है लेकिन अधिकतर में दांतों का उपचार नहीं किया जा रहा। मिर्जापुर की जरियनपुर सीएचसी में डेंटिस्ट डॉ.अंजलि दिवाकर की नियुक्ति है। बावजूद मरीजों को मायूस लौटना पड़ रहा है। डेंटल एक्सरे का हेड, कंप्रेशर, स्केलर, फिलिंग मशीन आदि उपकरण काफी समय के बाद भी उपलब्ध नहीं कराए गए।
इसी तरह कांट सीएचसी पर तैनात रहे डेंटिस्ट का एक साल पहले तबादला कर दिया गया था। नई तैनाती के लिए कई बार पत्राचार भी किया गया। इसके बाद भी डेंटिस्ट नहीं भेजे गए। ओपीडी में दांत दर्द आदि के मरीजाें को सीएचसी प्रभारी जफर सैफी दवा दे देते हैं। शेष मरीजों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जाता है।
जैतीपुर में दो से चार मरीज रोज आते हैं
जैतीपुर। यहां सीएचसी पर दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. फैज चिश्ती की नियुक्ति है। टेबल के अलावा अन्य उपकरण की व्यवस्था नहीं है। सीएचसी पर रोजाना दो से चार मरीज दांत की परेशानी को लेकर आते हैं। उपकरण न होने से मरीजाें को लौटा दिया जाता है। डाॅ. फैज बताते हैं कि दांत दर्द और मसूड़ों में सूजन के मरीजों का उपचार तो कर दिया जाता है। सर्जरी के उपकरणों के लिए मांग की गई। संवाद
दांत में तेज दर्द है, कर्मी ने कहा-बाद में आना
-दांत में तेज दर्द है। डेंटिस्ट मिले नहीं। सीएचसी पर दर्द की दवा तो दे दी गई। कर्मचारियों ने कहा कि एक-दो दिन बाद डेंटिस्ट आएंगे। दांत उखाड़ने या दांत में मसाला भरने की कोई व्यवस्था नहीं है।
-मनोज कुमार, मिर्जापुर
एक्स-रे की कोई व्यवस्था नहीं है
-जरियनपुर सीएचसी पर एक्स-रे तक नहीं होता। दांत के मरीजों के उपचार के लिए व्यवस्था नहीं है। उपकरण नहीं होने के चलते मरीजों को लौटाया जाता है।
-शंकरलाल
15 सीएचसी पर डेंटिस्ट की तैनाती होने पर उपचार किया जाता है जहां टेबल या उपकरण नहीं है। सीएचसी प्रभारी द्वारा मांग करने पर उपलब्ध कराया जाएगा।
-डॉ. पीपी श्रीवास्तव, प्रभारी सीएमओ

सीएचसी में उपकरणों के अभाव में निष्प्रयोज्य पड़ी डेंटल चेयर । संवाद