Shahjahanpur News: हारा हूं बाबा पर तुझ पर भरोसा है…
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 29 Oct 2023 12:36 AM IST

खाटू श्याम के जागरण में भजन गाते कन्हैया मित्तल। संवाद
शाहजहांपुर। मोहम्मदी रोड स्थित कैलाश नगर कॉलोनी में खाटू श्याम बाबा का जागरण हुआ। इसमें मशहूर भजन गायक कन्हैया मित्तल ने बाबा के भजनों से समा बांध दिया। जागरण में रातभर श्रद्धालु खाटू श्याम के भजनों पर झूमते-नाचते रहे।
शुक्रवार रात को खाटू श्याम के जागरण को लेकर सुभाष चौक से जागरण स्थल तक मार्ग को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया था। शाम को सात बजे के बाद जब जागरण शुरू हुआ तो बड़ी संख्या में लोग पंडाल में एकत्रित होने शुरू हो गए। सभी मुख्य गायक कन्हैया मित्तल का इंतजार कर रहे थे। उनके आने से पहले तमाम गायकों ने श्याम बाबा के भजन सुनाए। देर रात जब कन्हैया मित्तल स्टेज पर आए तो पूरा पंडाल बाबा श्याम के जयकारों से गूंज गया। कन्हैया ने हारा हूं बाबा पर तुझ पर भरोसा है… भजन गाया तो भीड़ खाटू श्याम की भक्ति में सराबोर होकर झूम उठी। पंडाल में इत्र और पुष्प वर्षा होती रही। इस मौके पर आयोजन समिति के अशोक कुमार सक्सेना, नारायण सिंह, गुरप्रीत सिंह, योगेंद्र सक्सेना आदि मौजूद रहे।

