Shahjahanpur News: घर में बिगड़े टीवी या फ्रिज तो बुलाएं सेवामित्र
शाहजहांपुर। अब घर में टीवी, फ्रिज या अन्य कोई सामान खराब होने पर मैकेनिक को खोजने की जरूरत नहीं है। सेवायोजन विभाग की ओर से सेवामित्र एप लांच किया गया है। एप के जरिये घर बैठे प्लंबर, बढ़ई, इलेक्ट्रीशियन, पेंटर आदि की बुकिंग कर उसकी सेवाएं ली जा सकेंगी। प्राप्त सेवाओं पर सेवाप्रदाता और कार्य की गुणवत्ता के संबंध में अपना फीडबैक भी दे सकेंगे।
विभाग की ओर से सेवामित्र पोर्टल (https://sewamitra.up.gov.in) और टोल फ्री नंबर 155330 जारी किया है जिससे शहर ही नहीं गांव में रहने वाले भी मदद ले सकते हैं। ये शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जियो लोकेशन के आधार पर घरेलू सेवाओं के लिए नागरिकों और स्थानीय कुशल कामगारों के बीच सेतु का काम करता है।
30 सुविधाएं मिलेंगी, फीस भी सरकार की ओर से निर्धारित : बढ़ई, प्लम्बर, इलेक्ट्रीशियन, पेंटर, डॉक्टर, नर्सिंग, डायग्नोस्टिक्स सर्विसेज, आरओ सर्विस, एसी सर्विस, कार-बाइक रिपेयर और आईटी हार्डवेयर सर्विस जैसी करीब 30 सुविधाएं एप के जरिये प्राप्त की जा सकेंगी। घर में बढ़ते कॉकरोच या छिपकली से छुटकारे के लिए पेस्ट कंट्रोल या इंटीरियर डिजाइनर की तलाश है तो वो भी यहां मौजूद है। खास बात ये है कि यहां ये सभी सरकार की तरफ से तय फीस पर आपको सुविधा मिलेंगी।
सेवा प्रदाता करवा सकते हैं पंजीकरण : सर्विस बुकिंग के अलावा कोई सेवा प्रदाता जो सर्विस देता है, वह सेवामित्र पोर्टल पर अपना पंजीकरण भी करा सकता है। सेवामित्र पोर्टल के माध्यम से शॉर्ट टाइम सेवाओं के साथ ही लांग टाइम प्रोजेक्ट वर्क भी शामिल किए गए हैं। पंजीकरण की जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला सेवा योजन अधिकारी विजय सुधाकर सिंह ने कहा कि सेवायोजन विभाग की ओर से सेवामित्र पोर्टल व एप जारी किया गया। इसके साथ ही टोल फ्री नंबर भी है। जिसके माध्यम से प्लंबर, बढ़ई, इलेक्ट्रीशियन आदि को बुलाया जा सकेगा। इस सेवा का लाभ उठाएं।