Bareilly News: महिला की तबीयत बिगड़ने पर चालक-परिचालक ने रोडवेज बस से उतारा, मौत

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रोडवेज के चालक-परिचालक यात्री सुरक्षा को लेकर संजीदा नहीं हैं। रोडवेज बस में सवार महिला यात्री की शनिवार को तबीयत बिगड़ी तो चालक-परिचालक ने उसे हाईवे किनारे उतार दिया और चले गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शाहजहांपुर की ओर से बरेली आ रही रोडवेज बस शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे फरीदपुर से चार किलोमीटर पहले एक ढाबा के पास रुकी। यहां राहगीरों ने देखा कि बस के चालक-परिचालक ने किसी महिला को हाईवे किनारे उतार दिया है। पास पहुंचे तो महिला गंभीर हालत में थी। उसकी नाक से खून बह रहा था। वह कुछ बताने की स्थिति में भी नहीं थी। एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने महिला को सीएचसी भिजवाया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की उम्र करीब 40 साल है। वह आसमानी रंग की साड़ी पहने है। महिला के पास से कोई ऐसी चीज नहीं मिली है जिससे शिनाख्त की जा सके। हालांकि, शाहजहांपुर के तिलहर से बरेली तक का अमरोहा डिपो की रोडवेज बस का टिकट मिला है। शव मोर्चरी में रखवाने के साथ शिनाख्त के लिए आस-पास के थानों को मृतका का फोटो भेज दिया गया है।
सीसीटीवी फुटेज से की जा रही बस की पहचान
इंस्पेक्टर दयाशंकर ने बताया कि टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये बस की पहचान की कोशिश की जा रही है। जिस समय महिला मिली उससे पहले 40 मिनट में शाहजहांपुर की ओर से आने वाली तीन रोडवेज बसें टोल प्लाजा से गुजरी हैं। बस की पहचान और महिला की शिनाख्त के बाद घटना को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



