शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: हाईवे और चौराहों पर चल रहे अवैध टैक्सी स्टैंड

Connect News 24

पुवायां। मुख्यमंत्री कई बार हाईवे और चौराहों से अवैध टैक्सी स्टैंड हटाने का फरमान दे चुके हैं। बावजूद आदेशों की अवहेलना की जा रही है। छह टैक्सी स्टैंड हाईवे पर संचालित हो रहे हैं। यहां वाहन चालकों से रोजाना वसूली की जा रही है। ठेकेदारों के गुर्गे वाहनों का नंबर से सवारियां भरवाते हैं। नगर पालिका ने भी पार्किंग ठेका कर दिया है, लेकिन पार्किंग स्थल के नाम पर पड़े टिन शेड में कोई भी वाहन नहीं खड़ा होता। पार्किंग स्थल पर वाहन चालकों के लिए कोई सुविधा भी नहीं है। इसके बाद भी पार्किंग के नाम पर वसूली की जाती है। मैजिक, टेंपो, ई रिक्शा चालकों की पार्किंग शुल्क की रसीद काटी जाती है, लेकिन वाहन खड़े हाईवे किनारे ही होते हैं।

राजीव चौक : शाहजहांपुर रोड

पुवायां में राजीव चौक सबसे व्यस्ततम चौराहा है। यहां से लखनऊ-पलिया हाईवे और मैगलगंज-पूरनपुर हाईवे निकले हैं। खुटार, बंडा, निगोही, शाहजहांपुर और कस्बे के अंदर जाने का मार्ग है। चौराहे पर हर समय पुलिस भी तैनात रहती है। इसके बाद भी हाईवे किनारे वाहन खड़े कर सवारियां भरी जाती हैं। पुलिसकर्मी वाहन चालकों को टोकते तक नहीं है। यहां शाहजहांपुर जाने के लिए वाहन टैक्सी स्टैंड खुलेआम चलता है।

पुवायां में बंडा रोड भी हाईवे पर है। यहां बंडा और नाहिल जाने वाले वाहनों के चालक हाईवे किनारे वाहन खड़े कर सवारियां बिठाते हैं। स्टैंड के नाम पर यहां वाहन चालकों से खुलेआम वसूली की जाती है। ई रिक्शा और मैजिक, टेंपो खड़े होने से कई बार हाईवे पर जाम जैसी स्थिति हो जाती है। पुलिस हाईवे पर शाम को गश्त करती है तो चालक वाहनों को लेकर खिसक लेते हैं, लेकिन उनके जाते ही चालक फिर से वाहन हाईवे पर खड़े कर देते हैं।

पार्किंग स्थल में लगी ईंटें और मौरंग, वाहन गायब

नगर पालिका ने वसूली के लिए पार्किंग स्थल के नाम पर अपने कार्यालय भवन के पास रोड किनारे बोर्ड लगाकर सवा छह लाख का ठेका दिया लेकिन पार्किंग स्थल में चार वाहन भी खड़े नहीं होते। बावजूद खुलेआम पार्किंग के नाम पर वसूली जारी है। पालिका के जिम्मेदार ईओ भी इस मुद्दे पर चुप्पी साध लेते हैं। यहां पीने के पानी, चालकों के बैठने आदि की कोई सुविधा भी नहीं है।

बोले- जिम्मेदार अधिकारी

– मुख्यमंत्री के आदेशों का पूरी तरह से पालन कराया जाएगा। हाईवे पर स्टैंड किसी भी हालत में नहीं चलेंगे। राजीव चौक पर पुलिस पिकेट की मौजूदगी में स्टैंड चलने की मजिस्ट्रेट के माध्यम से गोपनीय जांच कराई जाएगी। साथ ही संबंधित की जवाबदेही तय होगी। -संजय पांडे, एसडीएम पुवायां

– मुख्यमंत्री के आदेशों का पूर्णतया पालन कराया जाएगा। वाहन चालकों को वाहनों को पार्किंग स्थल में ही खड़े करने को जागरूक किया जाएगा। -सतेंद्र प्रकाश, ईओ नगर पालिका पुवायां


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button