शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: संपूर्ण समाधान दिवस में विषाक्त पदार्थ खाने वाले किसान की हालत में सुधार

Connect News 24

पुवायां। पुवायां के तहसील समाधान दिवस में 21 अक्तूबर को सीडीओ, एएसपी के सामने विषाक्त पदार्थ खाने वाले किसान गांव बिलंदपुर जमीने मझिगवां निवासी बलजीत सिंह को सोमवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज से घर भेज दिया गया।

शनिवार को बलजीत सिंह ने जमीन में हिस्सा नहीं मिलने, चकरोड खाली नहीं कराने, दूसरे पक्ष के लोगों से लेखपाल की मिलीभगत, घर के पास सीसीटीवी कैमरे लगाने से निजता भंग होने और जांच को गए सिपाही के दूसरे पक्ष के लोगों से सांठगांठ करने का आरोप लगाते हुए सीडीओ, एएसपी आदि के सामने जहरीला पाउडर खा लिया था। उनको सीएचसी पर प्राथमिक उपचार देने के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। उपचार के बाद हालत ठीक होने पर उनको घर भेज दिया गया।

बलजीत ने बताया कि डॉक्टर ने उनको दवाएं दी हैं, अभी उनकी हालत ठीक नहीं है। उनकी मांग है कि जमीनी विवाद, सीसीटीवी कैमरे उनके घर के आगे लगाने सहित सभी मामलों की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

शस्त्र लाइसेंस की विरासत न करने की मांग

बलजीत सिंह ने डीएम को भेजे पत्र में कहा है कि उनका अपने परिवार के कुछ लोगों से जमीनी विवाद चल रहा है। इस मामले में उन्होंने कई वर्ष पहले रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। विपक्षियों के सरकारी जमीन पर कब्जा करने पर राजस्व कर्मियों ने जमीन मुक्त कराई थी और रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसका मुकदमा चल रहा है। विपक्ष के एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार की बंदूक की विरासत अपनी पत्नी के नाम करने का आवेदन किया है, इससे उनको जान का खतरा है। बलजीत ने बंदूक की विरासत पर रोक लगाने की मांग की। संवाद

बलजीत की समस्याओं का निस्तारण कराने के निर्देश

एसडीएम संजय पांडेय ने बताया कि एडीएम ने बलजीत के ठीक हो जाने के बाद उनकी समस्याओं को सुनकर निस्तारण कराने को कहा है। जल्द ही बलजीत से मिलकर समस्याओं पर बात कर जांच कराई जाएगी। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button