Shahjahanpur News: खुटार के राजकीय महाविद्यालय में छात्र भिड़े, हाईवे किया जाम

गांव ढाका में कॉलेज के सामने जाम लगाए लोग और मौके पर पहुंची पुलिस
खुटार। गांव ढाका स्थित सरदार भगत सिंह संघटक राजकीय महाविद्यालय में 15 अगस्त को दो छात्र कुर्सी पर बैठने को लेकर भिड़ गए। कॉलेज में मामला शांत होने के बाद बाहर छात्र फिर भिड़ गए। बाद में घायल छात्र के परिजन ने लखनऊ-पलिया हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
गांव दिलीपपुर के एक छात्र और गांव पिपरिया भागंवत के एक छात्र के बीच स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान कुर्सी पर बैठने को लेकर विवाद हो गया था। दोनों ही छात्र बीए प्रथम वर्ष के हैं। शिक्षकों के समझाने पर मामला शांत हो गया था। इस बीच पिपरिया भागवंत के छात्र ने फोन कर गांव से कुछ अन्य युवकों को बुला लिया। कॉलेज से निकलने के बाद युवकों ने दिलीपपुर के छात्र को पीटकर घायल कर दिया और भाग निकले।
घायल छात्र ने मामले की जानकारी परिजन को दी तो गांव से भी कई लोग कॉलेज के सामने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया। दस मिनट तक हाईवे पर जाम लगा रहा। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। इस कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भारत सिंह ने बताया कि कॉलेज में कहासुनी हो गई थी। दोनों छात्रों को समझा दिया गया था। बाद में बाहर विवाद की वजह उन्हें नहीं मालूम।

गांव ढाका में कॉलेज के सामने जाम लगाए लोग और मौके पर पहुंची पुलिस