Shahjahanpur News: पुलिस की रिपोर्ट में कर दिया खेल, रिकमंडेड से पहले लिख दिया नॉट
पुवायां। एसडीएम कोर्ट में एक मुकदमे में पुलिस की रिपोर्ट में किसी ने अलग से एंट्री कर दी। मामला पकड़ में आने के बाद एसडीएम के रीडर विनोद सक्सेना ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने बताया कि नगर के मोहल्ला गढ़ी निवासी एक व्यक्ति ने कुछ माह पूर्व अपना जर्जर मकान गिरवाया था। मलबे को मकान के सामने रोड पर डाल दिया, इससे नाली बंद हो गई। एसडीएम ने ईओ से कार्रवाई के लिए कहा तो भवन स्वामी को नोटिस दिया गया, लेकिन उसने मलबा नहीं हटाया। इसके बाद शिकायत मिलने पर पुलिस ने एसडीएम रिपोर्ट दी। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम कोर्ट में रामलड़ैते पांडे बनाम सतेंद्र शुक्ला के नाम मुकदमा शुरू हो गया। एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने फाइल देखी तो पुलिस की रिपोर्ट भवन स्वामी के खिलाफ लगी मिली, लेकिन नॉट रिकमंडेड लिखा मिला। इस पर दूसरे पक्ष ने पुलिस की रिपोर्ट की छायाप्रति दिखाई जिस पर रिकमंडेड लिखा हुआ था। किसी ने नॉट अलग से लिख दिया था।
एसडीएम ने किसी पक्ष की बात न मानते हुए पुलिस ने जवाब तलब किया था कि पुलिस ने रिपोर्ट पर क्या लिखा है। पुलिस ने जवाब दिया कि रिपोर्ट पर रिकमंडेड लिखा हुआ था। इसके बाद रीडर विनोद सक्सेना ने बृहस्पतिवार को अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट में छेड़छाड़ किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एक सप्ताह पूर्व मामला संज्ञान में आया था। पुलिस का जवाब मिलने के बाद रीडर की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। – हिमांशु उपाध्याय, एसडीएम पुवायां