Shahjahanpur News: इंसुलेटर बर्स्ट, 18 हजार घरों की बत्ती गुल
0 रविवार को शाम करीब सात बजे लाइन में आई खराबी, गर्मी में बेहाल हो गए लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। पुवायां रोड स्थित ट्रांसमिशन से रोजा होते हुए अब्दुल्लागंज विद्युत उपकेंद्र को आई 33 केवीए लाइन में रविवार की शाम करीब सात बजे इंसुलेटर बर्स्ट हो गया। इसके चलते दो उपकेंद्राें के करीब 18 हजार घरों की बिजली साढ़े तीन घंटे गुल रही। बिजली ठप होने से लोग परेशान हो गए।
रोजा से आने वाली 33 केवीए लाइन से अब्दुल्लागंज उपकेंद्र के 15 हजार व दीवान जोगराज उपकेंद्र के करीब तीन हजार उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति दी जाती है। रविवार की शाम करीब सात बजे लाइन ब्रेकडाउन होने से दोनों उपकेंद्र ठप हो गए। इसके चलते 18 हजार उपभोक्ता गर्मी में बेहाल हो गए।
लोगों ने उपकेंद्र व अवर अभियंता को फोन लगाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों जगह पर कॉल रिसीव नहीं हुई। इस दौरान छोटा चौक, रंगमहला, किला, मेहमान शाह, अजीजगंज, अस्पताल कॉलोनी समेत दर्जनों मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप रही। दीवान जोगराज उपकेंद्र के भी तीन हजार उपभोक्ता परेशान रहे। इधर, कर्मियों ने लाइन को गश्त शुरू की तो एक स्थान पर इंसुलेटर बर्स्ट मिला। उसे सही करने के बाद रात करीब साढ़े दस बजे बिजली की आपूर्ति बहाल की जा सकी।
–
कोतवाली के बाहर ट्रांसफाॅर्मर में लगी आग, रातभर बिजली गुल
चौक कोतवाली के बाहर लगा 400 केवीए ट्रांसफार्मर में लीड गर्म हाेने के चलते आग लग गई। रविवार की रात करीब 11 बजे आग की लपटें उठती देखकर लोगों ने अब्दुल्लागंज उपकेंद्र पर फोन कर लाइन को बंद कराने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद लाइन बंद हुई, तब जाकर आग बुझाई जा सकीं। इसके चलते अकब मस्जिद कांच समेत कई इलाकों की बिजली आपूर्ति नदारद रही। पूरी रात लोग अंधेरे में करवटें बदलते रहे। सुबह में ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की गई।
–
बदल गए जेई, पर बिजली समस्या जस की तस
अब्दुल्लागंज विद्युत उपकेंद्र पर तैनात जेई आदर्श कुमार को तबादला होने के बाद नए जेई माता प्रसाद को जिम्मेदारी दी गई। उसके बाद भी क्षेत्र की समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उपभोक्ताओं का कहना है कि नए जेई फोन तक रिसीव नहीं करते हैं। इसके चलते बिजली की समस्या की जानकारी तक नहीं मिल पाती है।
–
रात में फाॅल्ट आया था। लाइन को ककरा से जोड़कर चलाया गया। ट्रांसफॉर्मर में खराबी होने पर सुबह ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की गई।
– अरविंद कुमार, एक्सईएन सिटी