Shahjahanpur News: जलालाबाद में अनशन पर बैठे अधिवक्ता

जलालाबाद तहसील परिसर में अनशन पर बैठे अधिवक्ता। संवाद
मदनापुर के 105 गांव जलालाबाद में शामिल करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। मदनापुर के 105 गांव जलालाबाद तहसील में शामिल किए जाने तथा मुंसिफ न्यायालय से क्षेत्र के सभी थाने संबद्ध किए जाने की मांग को लेकर बार संघ के बैनर तले अधिवक्ताओं ने सोमवार से अनशन शुरू कर दिया। इस दौरान वकीलों ने तहसील का कामकाज पूरी तरह ठप रखा और प्रदर्शन व नारेबाजी की।
बार संघ महासचिव संदीप मिश्रा ने बताया कि लगातार मांग के बाद भी शासन-प्रशासन द्वारा ध्यान न दिए जाने पर बार संघ द्वारा लिए गए निर्णय के अनुरूप क्रमिक अनशन शुरू किया है। यह 30 सितंबर तक चलेगा।
इसके बाद फिर बैठक कर आंदोलन को तेज करने के लिए विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जब तक ये दोनों मांगे मानी नहीं जातीं तब तक अधिवक्ता आंदोलन जारी रखेंगे। पहले दिन अनशन पर बार संघ अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, महासचिव संदीप मिश्रा, कोषाध्यक्ष सौरभ गुप्ता के अलावा अनिल सक्सेना व सुधीर कुमार सिंह बैठे।