Shahjahanpur News: शादी के बाद खेत में घूमीं किम बोह नी

सुखजीत सिंह के साथ खेतों में घूमती किम
पुवायां। शादी के बाद सुखजीत ओर उनकी दक्षिण कोरियाई दुल्हन किम बोह नी का पहला दिन मेहमानों से शुभकामनाएं लेते गुजरा। किम बोह नी ने शनिवार को खेत में पहुंचकर सब्जी तोड़ी।
गांव उदना निवासी सुखजीत सिंह छह वर्ष पहले काम के सिलसिले में दक्षिण कोरिया गए थे। कॉफी शाॅप में काम करने के दौरान सुखजीत को किम बोह नी से प्यार हो गया। 18 अगस्त को पुवायां के गुरुद्वारा नानकबाग में दोनों की सिख रीति रिवाज से शादी हो गई। शनिवार शाम को सुखजीत और किम ने पुवायां आकर गुरुद्वारे में मत्था टेका। खाली समय में किम ने सुखजीत के साथ खेतों की सैर की। फार्म हाउस पर लगी सब्जी तोड़ी।
किम बोह ने बताया कि उन्हें खीर बेहद पसंद है। उनकी सास हरजिंदर कौर उनको भारतीय भोजन बनाकर खिलाती हैं और बनाना सिखाती हैं। इसके अलावा सी-फूड और कोरियन डिशेज वह ऑनलाइन ऑर्डर कर दिल्ली से मंगा लेती हैं। सुखजीत और किम ने एक-दूसरे के नाम के टैटू भी बनवा रखे हैं।
सुखजीत की मां हरजिंदर कौर चाहती हैं कि किम उनके ही पास रहे, लेकिन सुखजीत और किम दक्षिण कोरिया में बसने का मन बना चुके हैं। ससुर बल्देव सिंह भी किम की खूब तारीफ करते हैं। सुखजीत कोरियाई भाषा बोलना सीख गए हैं। वह परिजनों और किम के बीच दुभाषिये का काम करते हैं। किम पंजाबी भाषा भी कुछ समझ लेती हैं।