शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: कोलाघाट पुल चलने लायक नहीं, इसे नया ही बनाया जाएगा

Connect News 24

शाहजहांपुर। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक शुक्रवार को विकास भवन सभागार में हुई। इसमें जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न समस्याओं को उठाया।प्रमुख मुद्दा कोलाघाट पुल शुरू किए जाने का रहा। इस पर सीडीओ ने साफ कहा कि पुल कमजोर है, शुरू नहीं हो सकता। बजट आने पर इसे नया ही बनाया जाएगा। इसके अलावा कई सवालों के जवाब अधिकारी बहस कर मुद्दे को टालते नजर आए। इस पर जिला पंचायत सदस्यों ने नाराजगी जताई।

जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के सामने रखा। कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह ने कहा कि ग्राम नवादा दरोबस्त में वर्ष 2017 में पानी की टंकी बनी हुई है, लेकिन अब तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है। सीडीओ एसबी सिंह ने एक्सईएन जल निगम से पूछा तो सटीक जवाब नहीं दे पाए।

पुवायां विधायक चेतराम ने कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने की बात कही। जिला पंचायत सदस्य कुसुम मिश्रा के प्रतिनिधि नीरज मिश्रा ने कोलाघाट पुल के संबंध में पूछा। सीडीओ एसबी सिंह ने कहा कि पुराना पुल काफी कमजोर है। इस पर यातायात संभव नहीं। शासन से बजट आने पर इसे नया ही बनवाया जाएगा।

नीरज मिश्रा ने बड़ी आबादी के गांवों में बरातघर बनवाने और छोटे गांवों में पंचायत भवनों में विवाह कार्यक्रम आदि की अनुमति देने का मुद्दा उठाया। सीडीओ ने कहा कि पंचायत घर में अगर व्यवस्था हो सकती है तो छोटे वैवाहिक कार्यक्रम कराए जा सकते हैं। जिला पंचायत सदस्य रामचंद्र सिंह ने ग्राम खंडसार में सरकारी स्कूल पर कब्जे और किसान सम्मान निधि के फर्जी भुगतान की रिकवरी का मुद्दा अधिकारियों के सामने रखा। इस बात का समर्थन कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस ने भी किया। हालांकि रिकवरी के संबंध में डीडी कृषि सही जवाब नहीं दे सके। उनके बहस करने पर बैठक में उपस्थित सदस्यों ने असंतोष प्रकट किया। मामले में सीडीओ ने हस्तक्षेप करते हुए शांत कराया।

ब्लाॅक प्रमुख जैतीपुर ने बताया कि जल निगम से ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह सड़कों की खोदाई की, लेकिन बाद में सड़कों को ठीक नहीं कराया गया। सीडीओ ने जल निगम के अभियंता को जेई से प्रतिदिन पांच गांवों का निरीक्षण करने का निर्देशित किया। इस दौरान सीएमओ के फोन न उठाने का मुद्दा भी उठा। जिला पंचायत के गठन के दो वर्ष पूरे होने पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी को बधाई दी। सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से आपसी सामंजस्य बनाने की अपील की। इस दौरान एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, अभियंता जिला पंचायत एसके सिन्हा आदि मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button