शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: बनने लगे लड्डू, भेजे जाने लगे निमंत्रण

Connect News 24

Laddus started being made, invitations started being sent

सामूहिक विवाह स्थल पर लड्डू बना रहे कारीगर। संवाद

शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 16 दिसंबर को समारोह का आयोजन होगा। ओसीएफ रामलीला मैदान में पंडाल सजना शुरू हो गया है। कारीगर लड्डू बनाने में जुट गए हैं। वर और वधू पक्ष को प्रशासन आमंत्रण पत्र भेज रहा है। मोबाइल नंबरों पर मैसेज के जरिये भी जानकारी दी जा रही है।

शासन की ओर से जनपद में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह के लिए 1610 शादियों का लक्ष्य रखा गया था। इसके लिए 2200 से अधिक आवेदन समाज कल्याण विभाग के पास पहुंचे थे। इस बार आवेदन ऑनलाइन करना था। इसलिए पोर्टल पर नौ दिसंबर तक आए आवेदनों पर ही विचार किया गया। ग्रामीण क्षेत्र के आवेदनों का सत्यापन सचिवों के माध्यम से कराया गया। नगर निगम क्षेत्र के आवेदनों का सत्यापन नगर निगम के कर्मचारियों ने किया। इसके बाद 1201 जोड़ों को शादी के लिए चयनित किया गया है। बाकी 409 शादियां जनवरी या फरवरी में दूसरा कार्यक्रम आयोजित कर करवाई जाएंगी।

एक मंडप में होंगी चार शादियां : ओसीएफ मैदान में तहसील वार पंडाल बनाए जा रहे हैं। इसमें वैवाहिक जोड़ों के लिए पंडाल में मंडप पर नंबर आवंटित किए गए हैं। निमंत्रण पत्र में उस नंबर को अंकित किया गया है। एक मंडप में चार शादियां होंगी। मंडप के पास ही उपहार सामग्री रखी जाएगी। आवंटित स्थान पर संबंधित ग्राम पंचायत के सचिव मंडप के पास रहेंगे। जोड़ों को सामान और जेवर सौंपकर रिसीविंग ली जाएगी। पांच तहसीलों के अलग-अलग पंडाल होंगे। संबंधित तहसील के पंडाल पर ही खाने की व्यवस्था होगी। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वर-वधू के लिए सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा। इसे रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जाएगा। बैंड बाजा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्था रहेगी।

शादी में ये दिए जाएंगे उपहार : दो जोड़ी साड़ी, दो चुनरी, लड़के के लिए पैंट-शर्ट का कपड़ा, पगड़ी, फेंटा, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी चांदी की बिछिया, एक स्टील का डिनर सेट, एक प्रेशर कुकर, एक ट्रॉली बैग, एक वैनिटी किट, एक दीवार घड़ी, एक कंबल, एक सीलिंग फैन, एक किलो लड्डू का डिब्बा।

25 हजार लोगों के खाने की व्यवस्था : सामूहिक विवाह में पहली बार उपहार स्वरूप लड्डू की व्यवस्था की गई है। करीब 15 क्विंटल लड्डू बनाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में 25 हजार लोगों के खाने की व्यवस्था की जा रही है। 500 वीआईपी लोगों के खाने की व्यवस्था अलग है। इसके लिए 150 कारीगर लगाए गए हैं। वीआईपी खाने में मटर पनीर, कढ़ाही पनीर, दाल मखनी, मिस्सी और नॉन, पूड़ी, रायता वेज, पुलाव और मिठाई में रसगुल्ला रहेगा। वहीं अन्य के लिए, छोले, मटर-आलू टमाटर की सब्जी, मिक्स वेज, अरहर की दाल, पूड़ी और जीरा चावल व मिठाई में रसगुल्ला की व्यवस्था रहेगी।

जनपद को 1610 शादियों का लक्ष्य मिला था। इस बार ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। पोर्टल में नौ दिसंबर तक के आवेदन लिए गए जिनका सत्यापन कराया गया। 1201 शादियां करने का निर्णय किया गया है। शेष आवेदनकर्ताओं की शादी जनवरी या फरवरी होंगी। सारे इंतजाम पूरे किए जा रहे हैं।

– एसबी सिंह, सीडीओ


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button